अमरोहा : घने कोहरे से मटर व सरसों की फसल को नुकसान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तापमान कम होने से मटर, चना की फसलों पर बढ़ रहा झुलसा रोग का खतरा

अमरोहा/ मंडी धनौरा, अमृत विचार। क्षेत्र में घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया। वहीं कई फसलों पर भी संकट मंडराने लगा है। कोहरे से फसलों में नुकसान की आशंका बढ़ गई है। गुरुवार शाम से शुक्रवार रात तक सारा क्षेत्र घने कोहरे की चादर से ढका रहा। घने कोहरे और पाला पड़ने की संभावना है। अगर ऐसे ही पारा गिरता रहा तो इसका सबसे ज्यादा असर रबी सीजन की दलहनी फसलों पर पड़ेगा। तापमान कम होने से मटर, चना की फसलों पर झुलसा रोग का खतरा बढ़ जाता है। लगातार कोहरा पड़ने से गेहूं की फसल को छोड़कर अन्य सभी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।

 घने कोहरे के कारण शुक्रवार शाम से ही शहरवासियों और ग्रामीण इलाकों में सड़कों पर आवागमन बंद हो गया और नागरिक घरों में कैद हो गये। अलाव के सहारे सड़कों पर लोगों को देखा गया। शाम होने के साथ-साथ कोहरे के बढ़ जाने के कारण धनौरा-गजरौला स्टेट हाईवे पर चलने वाले वाहनों के पहिए थम गए और भारी वाहनों को चालकों ने ढाबो में या फिर सुरक्षित स्थानों में सड़कों के किनारे खड़ा कर दिया।

 ड्राइवर होरी यादव ने बताया कि घने कोहरे के कारण नजदीक का भी नहीं दिख रहा है। जिसके कारण वाहन चलाने में परेशानी होती है और सुरक्षा को लेकर हम लोग सड़क किनारे वाहनों को खड़ा कर दिए हैं। शुक्रवार शाम से ही कोहरा शुरू हो गया था। रात होते-होते अचानक कोहरे ने क्षेत्र व नगर को अपने चपेट में ले लिया। कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया और शाम से ही नगर की सड़कों पर सन्नाटा छा गया।  

बच्चे, बुजुर्ग बरतें विशेष सावधानी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. दिनेश नागर ने बताया कि सर्दी में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधान रहने की जरूरत है। हर बार गुनगुने पानी का सेवन करें। चाय में तुलसी के पत्ते और अदरक जरूर डालें। बुजुर्गों को च्यवनप्राश का प्रयोग करना चाहिए। जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें। दमा रोगियों को चिकित्सक की सलाह लेनी चाहिए। बीमार होने पर तुरंत जांच कराएं।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा: अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत

संबंधित समाचार