Kanpur News: अवैध संबंधों का विरोध करने में हुई किसान की हत्या, महिला समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में अवैध संबंधों का विरोध करने में हुई किसान की हत्या।

कानपुर में अवैध संबंधों का विरोध करने में किसान की हत्या हुई थी। पुलिस ने महिला समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई। अभी तक एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

कानपुर, अमृत विचार। महाराजपुर थाना क्षेत्र के बैजाखेड़ा गांव में शुक्रवार की देर शाम हुई किसान श्रीपाल पासवान उर्फ पत्तर की हत्या में एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। यह हत्या अवैध संबंधों का विरोध करने पर की गई। डीसीपी ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के पुलिस की तीन टीमें गठित की हैं।

महाराजपुर थाना क्षेत्र के बैजाखेड़ा गांव के बाहर शुक्रवार की देर शाम एक बगीचे में 57 वर्षीय श्रीपाल पासवान उर्फ पत्तर का रक्तरंजित शव मिला था। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि श्रीपाल का अपने ही गांव के सियाराम और उसके परिवार से विवाद चल रहा था। विवाद का कारण श्रीपाल के परिवार की ही एक महिला है, जिसके सियाराम के साथ अवैध संबंध हैं। श्रीपाल अवैध संबंधों का विरोध करता था। 

पुलिस के मुताबिक महिला के पति की कई साल पहले मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद वह बैजाखेड़ा गांव में ही दुकान चलाती है। इसी दौरान सियाराम निषाद और महिला के बीच अवैध संबंध हो गए। सियाराम खुलेआम महिला के साथ रहने लगा, जिसको लेकर श्रीपाल और सियाराम के परिवार में दुश्मनी हो गई।

शुक्रवार को भी महिला की दुकान के बाहर श्रीपाल और सियाराम के बीच झगड़ा हुआ था। झगड़े में सियाराम और उसके पुत्रों ने श्रीपाल के साथ मारपीट की थी। उस समय श्रीपाल वहां से चला गया। शाम को वह घर से निकला, लेकिन फिर घर वापस नहीं पहुंचा। देर शाम उसका शव घर से लगभग 600 मीटर दूर गांव के ही छोटेलाल के अमरूद के बगीचे में पड़ा मिला था।

शव मिलने की सूचना पर महाराजपुर एसओ अभिषेक शुक्ला और फिर एसीपी और डीसीपी पूर्वी भी घटनास्थल पर पहुंचे थे। प्रथम दृष्टया पीटने के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने का अनुमान है। हत्या करने के बाद शव सुनसान बगीचे में फेंके जाने की बात सामने आई है। पुलिस श्रीपाल के पुत्र संतोष की तहरीर पर सियाराम निषाद, उसके दोनों पुत्रों जितेंद्र व विजय के साथ रामरानी के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस कार्रवाई करती तो बच जाती जान

शुक्रवार को मारपीट की घटना के बाद मुख्य आरोपी सियाराम ने श्रीपाल को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद श्रीपाल की ओर से कुलगांव पुलिस चौकी में इसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया। श्रीपाल के पुत्र संतोष का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया। पुलिस अगर कार्रवाई करती तो उसके पिता की हत्या नहीं होती। श्रीपाल खेतों पर सब्जी पैदा कर रामादेवी की मंडी में बेचता था।

हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।- तेज स्वरूप सिंह, डीसीपी पूर्वी

ये भी पढ़ें- Kanpur: ठंड से बचने के लिए बुजुर्ग ने अपनाया अनोखा तरीका, श्मशान घाट में जलती चिता के बगल में लेटा, देखें- VIDEO

 

संबंधित समाचार