रामपुर: पूर्व स्टॉफ नर्स के सरकारी आवास से मिला दवाओं का जखीरा
विभाग के अधिकारियों ने जखीरा कब्जे में लेकर किया सील, स्टॉफ नर्स का पति सीएचसी बने क्वार्टर से करता था दवाओं का कारोबार
रामपुर/शाहबाद, अमृत विचार। तबादला होने के दो साल बाद भी सरकारी आवास खाली न करना स्टॉफ नर्स को भारी पड़ गया।शनिवार को अधिकारियों ने आवास का ताला तोड़ा तो उसमें लाखों रुपए की प्राइवेट कंपनियों की दवाएं निकलीं। दवाओं को कब्जे में लेकर सील कर दिया गया है। चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि कार्रवाई के लिए सीएमओ और औषधि निरीक्षक को रिपोर्ट भेजी गई है।
बताते चलें कि शाहबाद सीएचसी में तैनात रही स्टॉफ नर्स का दो साल पहले बरेली ट्रांसफर हो गया था। तैनाती के वक्त वह सीएचसी परिसर में ही बने सरकारी क्वार्टर में परिवार के साथ रहती थी। सीएचसी अधीक्षक डा.आरके चंदेल ने बताया कि तबादले को दो साल बीतने के बाद भी स्टॉफ नर्स शाहबाद का क्वार्टर खाली नहीं कर रही थी। इसके लिए उन्हें कई नोटिस भी दिए गए।
जब भी स्टॉफ नर्स से क्वार्टर खाली कराने की बाबत कहा गया, तो वह सीधे यही जवाब देती थी कि तबादला निरस्त कराकर वापस शाहबाद आएगी। नर्स से यह भी कहा गया था कि दोबारा आने पर फिर से कमरा अलॉट कर दिया जाएगा, लेकिन वह नहीं मानी। इस पर शनिवार को सामान्य कार्रवाई करते हुए चार लोगों की मौजूदगी में कमरे का ताला तुड़वा दिया गया, लेकिन अंदर घुसते ही सभी दंग रह गए। अन्दर भारी मात्रा में दवाइयां मौजूद थीं। इस पर तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: कपड़ों की दुकान पर लगी आग, बमुश्किल आग पर पाया काबू...30 लाख का सामान जल कर खाक
