मुरादाबाद: दरोगा बता मनी ट्रांसफर करने वाले को लगाया 25 हजार का चूना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 मुरादाबाद, अमृत विचार। साइबर क्राइम के लुटेरों ने अब दरोगा बनकर एक युवक को निशाना बना लिया। हैरानी की बात यह है कि युवक खुद ऑनलाइन मनी ट्रांसफर करने का काम करता था। लिहाजा, युवक ने पहले अपने एकाउंट के संबंध में आनाकानी की तो ठग ने उसके मालिक से बात करा दी। इसके बाद …

 मुरादाबाद, अमृत विचार। साइबर क्राइम के लुटेरों ने अब दरोगा बनकर एक युवक को निशाना बना लिया। हैरानी की बात यह है कि युवक खुद ऑनलाइन मनी ट्रांसफर करने का काम करता था। लिहाजा, युवक ने पहले अपने एकाउंट के संबंध में आनाकानी की तो ठग ने उसके मालिक से बात करा दी। इसके बाद युवक ने एकाउंट के संबंध में जानकारी दे दी। बताते हैं कि फोन करने वाले ने उसके खाते से 25 हजार रुपए उड़ा दिए। इस पर उसने अपने मालिक से पूरी बात बताई। पीड़ित ने शहर कोतवाली में तहरीर दे दी है।

पीड़ित युवक शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तंबाकूवालान निवासी अनीस अहमद है। अनीस आनलाइन मनी ट्रांसफर का काम करता है। इसके अलावा बेल्डिंग का भी उसका काम है। अनीस के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे उसके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को कटघर थाने में तैनात दरोगा बताया। उसने कहा कि वह 25 हजार रुपए अनीस के एकाउंट में डाल रहा है, यह रकम वह अशरफ को दे दें।

अनीस के अनुसार, अशरफ उनके मालिक हैं। इसके बाद भी उसने एकाउंट संबंधी जानकारी देने से इंकार कर दिया। इस पर ठग ने अशरफ से बात कराई। अशरफ ने उसे दारोगा बताते हुए एकाउंट की जानकारी देने को कहा। बकौल अनीस, अशरफ से बात होने के बाद उसने एकाउंट संबंधी जानकारी दे दी। लिंक आने के बाद अनीस के खाते से 25 हजार रुपए कट गए। मैसेज आने पर अनीस के होश उड़ गए। उसने संबंधित नंबर पर फोन किया तो बताया कि गलती से पैसे कट गए हैं, वह दोबारा लिंक भेज रहा है।

इस बीच अनीस ने उस एकाउंट से सभी रुपए निकालकर दूसरे में ट्रांसफर कर दिए। बकौल अनीस इसके बाद लिंक आया तो वह फेल हो गया। जिस पर फोन करने वाले ने कहा कि अपने एकाउंट में इतने रुपए डालो, तभी कटी रकम वापस होगी। अनीस ने इसकी जानकारी अशरफ को दी तो उन्होंने भी हाथ खड़े कर दिए। पीड़ित ने शहर कोतवाली में तहरीर दे दी है।

खाद व्यापारी के14.5 लाख उड़ाए
मुरादाबाद। साइबर लुटेरों ने ईनाम निकलने का हवाला देकर खाद व्यापारी को निशाना बना लिया। उन्होंने करीब एक माह में खाद व्यापारी से अलग-अलग खातों में साढ़े चौदह लाख रुपए भी ट्रांसफर कर लिए। बाद में ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अमरोहा जिले के हसनपुर निवासी सुशील कुमार खाद व्यापारी है। उनका कहना है कि 18 अगस्त को उनके नंबर पर एक कॉल आई। फोन करने वालों ने बताया कि उनका ढाई लाख का ईनाम निकला है। यह रकम पाने के लिए कुछ औपचारिकताएं करनी होगी। इसके बाद फोन करने वाले ने प्रक्रिया शुरू कराने के बहाने करीब तेरह हजार रुपए ले लिए। व्यापारी के अनुसार, करीब एक माह तक अलग-अलग नंबरों से काल आती रही और वह रकम एकाउंट में डालता रहा। करीब 14 लाख 67 हजार रुपए उसने विभिन्न खातों में डाल दिए। हालांकि इतनी रकम डालने के बाद भी उसे ईनामी धनराशि हासिल नहीं हुई। बाद में जब उसका बेटा घर आया तो उसने सुशील कुमार ने पूरी जानकारी दी। ठगी की जानकारी होने पर उन्होंने साइबर थाने में तहरीर दी है। वहीं पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार