मुरादाबाद: नये साल के जश्न में डूबे लोग, मचाया धमाल
महानगर के होटल, रेस्टोरेंट, मॉल में देर रात तक चला पार्टियों का दौर, केक काटकर दी शुभकामनाएं
मुरादाबाद, अमृत विचार। साल की आखिरी रात महानगर वासियों ने धमाल मचाया। हर ओर उत्साह से भरे बच्चे, युवा और महिलाएं इस रात को यादगार बनाने में लगे थे। जैसे ही घड़ी की सुई ने 12 बजने का संकेत दिया, यह उत्साह परवान चढ़ गया। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगकर नए साल की बधाई दी। आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी के नजारे देखने को मिले। सभी ने एक स्वर में बोला- हैप्पी न्यू ईयर।
इस मौके पर होटलों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पॉश कॉलोनियों और अपार्टमेंट में लोगों ने डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया। वहीं शोरगुल से दूर रहने वाले लोगों ने अपने घरों में नए साल का जश्न मनाया। उन्होंने मिल कर केक काटा और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। इसके बाद पूरी रात सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को नए साल की बधाइयां देते रहे। उधर,नव वर्ष की पूर्व संध्या पर महानगर के रामगंगा विहार स्थित एक मॉल में खूब रौनक रही। मॉल को 2024 थीम पर सजाया गया था। सुबह से ही युवाओं की आवाजाही अन्य दिनों के अपेक्षा अधिक रही। इस दौरान लोगों ने फिल्मों का भी आनंद लिया। उधर, होटल-रेस्टोरेंट में भी जश्न का माहौल रहा। लोगों ने पूरी रात नए साल पर धमाल मचाया।
गली-मोहल्लों और कालोनियों में भी आयोजित हुए कार्यक्रम
होटलों में आयोजित होने वाली न्यू ईयर पार्टी का जश्न शाम से शुरू होकर आधी रात तक चला। इसके अलावा अतिथियों के लिए ठहरने की व्यवस्था भी की गई। उधर, न्यू ईयर का जश्न किसी ने परिवार के साथ तो किसी ने दोस्ताें के साथ मनाया। होटल-रेस्टोरेंट के अलावा कालोनी और गली-मुहल्लों में भी आयोजन किए गए।
चर्च में भी रही नववर्ष की धूम
नव वर्ष के अंतिम दिन सुबह पीलीकोठी स्थित चर्च में विशेष प्रार्थना की गई। इसमें फादर बृजेश मैंशल ने लोगों को बाइबल पढ़कर प्रभु यीशू के मार्गदर्शन में चलने के लिए प्रेरित किया। रात को चर्च में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें लोगों ने विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम प्रस्तुत किए और नए साल का एक साथ इंतजार किया। घड़ी की सुई के 12 बजे पहुंचने के साथ ही नव वर्ष की बधाई एक-दूसरे के गले लगाकर दी। इस दौरान बड़ी संख्या में मसीही समाज के लोग मौजूद रहे।
पाश्चात्य संगीत पर झूमे युवा, जमकर की मस्ती
दिल्ली रोड स्थित निजी होटल में डांस, संगीत और स्वादिष्ट व्यंजन की खास तैयारी की गई। साल की आखिरी रात को खास बनाने के लिए प्रमुख राज्यों के व्यंजन का प्रबंध किया गया। जिसका लोगों ने खूब आनंद लिया। पाश्चात्य संगीत पर युवाओं ने जमकर मस्ती की, डीजे बैंड पर युवा जमकर थिरकें। वहीं रेस्टोरेंट में युवाओं के लिए तरह-तरह के व्यंजन और स्नेक्स की व्यवस्था रही। संजय मेहरोत्रा ने बताया कि युवाओं के लिए आर्केस्ट्रा पार्टी आकर्षण का केंद्र रही।
बाजारों में रही खूब रौनक
नव वर्ष की पूर्व संध्या पर महानगर के बाजारों में खूब रौनक रही। फूलों की दुकानें, गिफ्ट गैलरी ने लोगों को लुभाया। गिफ्ट गैलरी में 500 रुपये तक की कीमत के ग्रीटिंग कार्ड, राशि अनुसार मग, फैमिली क्लाॅक सहित अन्य उपहार उपलब्ध रहे। इधर, फूलों की दुकान में 200 से लेकर 1000 रुपये तक के फूलों के गुलदस्ता की मांग रही। इस अवसर पर लोगों ने विशेष केक के आर्डर भी दिए थे।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : दो साल में बदली 45 प्राथमिक स्कूलों की तस्वीर, स्मार्ट कक्षा में पढ़ रहे बच्चे
