उन्नाव में महिला को लूटकर ट्रेन से गंगा में फेका, रिश्तेदारों पर लगा आरोप 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव, अमृत विचार। बिहार प्रांत की रहने वाली एक महिला अपने रिश्तेदारों के साथ ट्रेन से बिहार जा रही थी। उसका आरोप है कि तभी उसके रिश्तेदारों ने उसके पास रहा रुपया-पैसा और अन्य सामान छीनने के बाद उसे ट्रेन से गंगा में फेंक दिया। मंगलवार सुबह गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं ने उसे रेती में पड़ा देखा तो जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल भेजा है।

मंगलवार सुबह रेलवे पुल के नीचे गंगा रेती में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला को  स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने देखा। जिस पर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी गंगाघाट कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन फानन उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसने बताया कि वह बिहार प्रांत के सिवान  निवासी राजकुमारी है। वह अपने रिश्तेदारों के साथ कानपुर से बिहार जा रही थी। आरोप है कि तभी रिश्तेदारों ने उसके पास रहे रुपए छीन लिये। इतना ही नहीं उसके पास जो सामान था वह भी छीन लिया और चलती ट्रेन से उसे गंगा की रेती में फेंक दिया। जिला अस्पताल में मौजूद डॉक्टर  ने बताया कि महिला को भर्ती किया गया है। उसकी हालत में सुधार है। प्राथमिक उपचार करने के बाद पुलिस को अवगत करा दिया गया है। 

इसे लेकर गंगाघाट कोतवाल राजकुमार ने बताया कि महिला का उन्नाव के अचलगंज में रहने वाले दामाद से झगड़ा हुआ था। उसी को लेकर मारपीट हुई है। पूछताछ की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं महिला को पुल से फेंका गया है या वह किसी और तरह यहां पहुंची इसकी भी जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें -फर्रुखाबाद : पांचाल घाट पर सजने लगा तंबुओं का शहर, कल्पवासियों का आगमन शुरू

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज