अमरोहा : अज्ञात वाहन ने मारी बाइक को टक्कर, हादसे में सिक्योरिटी गार्ड की मौत
अमरोहा/डिडौली, अमृत विचार। डिडौली कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से निजी कंपनी के बाइक सवार सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव भटपुरा निवासी 55 वर्षीय विजयपाल पुत्र नौरंग सिंह जनपद मुरादाबाद के लाकड़ी फाजलपुर स्थित निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड थे। मंगलवार सुबह विजयपाल बाइक से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। जानकारी मिली है कि जब वह डिडौली कोतवाली क्षेत्र में सिरसा नौरंगी मार्ग पर पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
इस हादसे में विजयपाल गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर चालान किया जाएगा। वहीं सिक्योरिटी गार्ड की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया है।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: हिट एंड रन कानून के विरोध में चालकों की हड़ताल जारी, यात्री को परेशान
