फतेहपुर: हाईवे जाम करने वाले 150 ट्रक चालकों के खिलाफ मुकदमा
पुलिस ने दो नामजद समेत 150 अज्ञात चालकों पर दर्ज की रिपोर्ट, सोमवार को हाईवे में जाम लगाकर किया था प्रदर्शन
फतेहपुर, अमृत विचार। हिट एन्ड रन कानून के विरोध में हाइवे जाम करने वाले ट्रक चालकों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। लखनऊ बाईपास चौकी इंचार्ज सुमित देव पाण्डेय ने दो नामजद समेत 150 अज्ञात ट्रक चालकों के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, सेवन सीएलए और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई हैं।
नये हिट एंड रन कानून के विरोध में सोमवार को ट्रक चालकों ने हाईवे में लखनऊ बाईपास ओवरब्रिज के पास ट्रक खड़ा कर चक्का जाम कर दिया था। जिससे हाइवे में लम्बा जाम लग गया। जिससे लोगों को दिक्क़तों का सामना करना पड़ा। उपनिरीक्षक सुमित देव पांडेय ने एफआईआर में बताया की चक्का जाम की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे।
कृषि भवन के पास ट्रक चालक जयदीप निवासी छेदीपुर असोथर, गोलू रैदास निवासी बुद्धनपुर थरियाव अपने 150 ट्रक चालकों के साथ हाइवे जाम किए हुए थे। हाइवे जाम करने से मना करने पर चालक गाली गलौज कर धक्का मुक्की करने लगे। हाइवे में अफरा-तफरी और आराजकता का माहौल हो गया। जाम में एम्बुलेंस भी फंस गई जिससे लोगों को दिक्क़तों का सामना करना पड़ा। कोतवाल एसबी सिंह ने बताया की चालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई हैं।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: हिट एंड रन कानून के खिलाफ जमकर नारेबाजी, सड़क पर गुमटी रख बंद किया आवागमन
