हरदोई: बोर्ड परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां हर हाल में कर लें पूरी, डीआईओएस ने दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। जीआईसी के सभागार में बुधवार को परिषदीय परीक्षा वर्ष-2024 के लिए निर्धारित 138 परीक्षा केन्द्रों के प्रधानाचार्यों की बैठक आहूत की गई। डीआईओएस बालमुकुन्द प्रसाद ने सभी परीक्षा केन्द्रों के प्रधानाचार्यों से कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर बोर्ड परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां हर हालत में पूरी कर ली जाए। 

प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर स्ट्रांग रूम की स्थापना प्रधानाचार्य कक्ष से पृथक किसी अन्य कक्ष में कर ली जाये। जिसमें सीसीटीवी  कैमरा 24 घण्टे क्रियाशील रहना अनिवार्य है। स्ट्रांग रूम में प्रश्न पत्रों को सुरक्षित रखने हेतु डबल लॉक युक्त लोहे की दो अलमारियों की व्यवस्था कर ली जाये। 

साथ ही स्ट्रांग रूम से पृथक किसी अन्य कक्ष में उत्तर पुस्तिकाओं के लिए डबललॉक युक्त अलमारी की भी व्यवस्था कर ली जाये। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के मुख्य द्वार पर तथा समस्त परीक्षा कक्षों में वायस रिकार्डरयुक्त दो सीसीटीवी कैमरे लगे होने चाहिए। साथ ही प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के परीक्षा कक्षों की खिड़कियों में स्टील-लोहे की जाली लगवा ली जाए। 

विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के लिए पृथक-पृथक शौचालयों की व्यवस्था एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाये। उत्तर पुस्तिकाओं की गणना करके ही उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त कराई जायेंगी। परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों एवं डीवीआर के आईपी एड्रेस सील्ड बन्द लिफाफे में निर्धारित प्रारूप पर उनके कार्यालय में तत्काल उपलब्ध करा दें।

ताकि प्रदेश स्तरीय एवं जनपद स्तरीय मानिटरिंग सेल से समस्त विद्यालयों को जोड़ते हुए उनकी मानिटरिंग सुनिश्चित की जा सके। डीआईओएस  ने समस्त प्रधानाचार्यों से अपने विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं का परीक्षा पर चर्चा कार्यकम में ऑन-लाइन पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। बैठक में डा.राजेश तिवारी, गीता शुक्ला, डा. अंजू सिंह,सुनील कुमार सिंह, अभिराम सिंह आदि प्रधानाचार्य मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें;-श्रमजीवी एक्सप्रेस बम कांड के दोषी आतंकवादियों को कोर्ट ने सुनाई मृत्युदंड की सजा, लगाया 5-5 लाख रुपए का जुर्माने

संबंधित समाचार