संतकबीरनगर: गांवों में डकैती का पोस्टर लगाकर दहशत फैलाने वाले चार अभियुक्त गिरफ्तार
संतकबीरनगर। संतकबीरनगर और बस्ती जिले के अलग-अलग गांवों में डकैती डालने के धमकी भरे पोस्टर लगाकर ग्रामीणों और पुलिस कर्मियों की नींद उड़ानें वाले चार शातिरों को दुधारा पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। बताते चलें कि एक सप्ताह पूर्व बस्ती जिले के रुधौली और वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के दो गांवों के कुछ घरों की दीवारों पर सरेआम लूट की वारदातों को अंजाम देने की धमकी वाले पोस्टर लगे थे।
बस्ती पुलिस बदमाशों का पता लगा पाती इससे पूर्व ही संतकबीरनगर जिले के दुधारा थानाक्षेत्र के ग्राम चिउंटना में इसी तरह की धमकी भरे पोस्टर लगे मिले। धमकी का मजमून था कि अगले 10 दिनों के भीतर गांव के चिन्हित घरों में भीषण डकैती की जाएगी। सुरक्षा के चाहे जितने इंतजाम कर लो, वारदात होने से रोक नहीं पाओगे।
इसके बाद तो ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दिया। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को हुई तो पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने गांव में पहुंच कर ग्रामीणों को सजग रहने और किसी भी संदिग्ध ब्यक्ति के दिखाई देने पर उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने पुलिस गश्त भी बढ़ाने का निर्देश दिया। मामले को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर अखिल कुमार और आईजी जोन बस्ती आर.के. भारद्वाज भी इस मामले को लेकर बेहद गम्भीर थे।
इसी बीच मंगलवार की सुबह बेलहर कला थानाक्षेत्र के ग्राम खजुरिया में भी ऐसे ही धमकी भरे पोस्टर लगे मिले। पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद बृजेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीमें लगाया था। पुलिस ने विभिन्न गांवों और कस्बों में लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से घटना के खुलासे और शातिरों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया।
इस बीच पुलिस ने दुधारा थाने पर सप्ताह भीतर दो बार ग्राम प्रधानों और सम्भ्रांत नागरिकों के साथ बैठक भी किया। परिणाम स्वरूप गांवों में धमकी भरे पोस्टर लगाने वाले चार शातिर युवक दुधारा पुलिस के हत्थे चढ़ गए। अभियुक्तों की पहचान के बारे में जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक दुधारा पंकज पांडेय ने बताया कि चारों शातिर युवक दुधारा थानाक्षेत्र के ग्राम दरियाबाद के निवासी हैं।
उनके नाम अदनान पुत्र नूरुल हुदा, उस्मान अहमद पुत्र अब्दुल कादिर, मोहम्मद माज पुत्र उबैदुल्लाह और इम्तियाज पुत्र इस्तियाक है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ धारा 151, 107, 116 आईपीसी के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: बहराइच: भारी मात्रा में प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली बरामद, सहायक मत्स्य निदेशक ने बिना कार्रवाई के गड्ढे में दफनाया
