बरेली: दबंगई... महिला को पीटा, फिर घर में घुसकर चलाईं ताबड़तोड़ गोलियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहगंज पूर्वी के गांव शिवराज मानपुर में वारदात, दो भाई गिरफ्तार

बरेली/फतेहगंज पूर्वी, अमृत विचार। फतेहगंज पूर्वी के गांव शिवराज मानपुर में महिला से मारपीट करने के आरोपियों ने मुकदमे में समझौता न करने पर पीड़िता और उसके पति को आतंकित करने के लिए उनके घर में घुसकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने दो आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके फरार पिता की तलाश की जा रही है।

शिवराजपुर मानपुर में रहने वाले नेम सिंह के मुताबिक उन्होंने एक जनवरी को गांव के ही राजवीर, उसके बेटे बृजेश और वीकेश के खिलाफ को मामूली विवाद के बाद उनकी पत्नी जोगिता के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि तभी से आरोपी उन पर समझौता करने का दबाव बना रहे थे। उन्होंने समझौता करने से इन्कार कर दिया था।

आरोप है कि बृहस्पतिवार दोपहर राजवीर दोनों बेटों के साथ लाइसेंसी राइफल लेकर नेम सिंह के घर में जबरन घुस गया। समझौता न करने पर जान से मार देने की धमकी देते हुए गालीगलौज के साथ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। शोरशराबे के बाद गांव के लोग इकट्ठे हुए तो तीनों धमकी देते हुए निकल गए। इसके बाद नेमसिंह और जोगिता थाने पहुंचे और तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शुक्रवार को बृजेश और वीकेश को गांव मानपुर त्रिलोक में पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिता राजवीर अभी फरार है।

मुकदमे में समझौता न करने पर दंपती पर फायरिंग करने के आरोपी दोनों भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पिता की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा - मुकेश चंद मिश्रा, एसपी देहात।

ये भी पढ़ें- बरेली: आठ किलो अफीम के साथ युवक गिरफ्तार, कीमत एक करोड़ से अधिक

संबंधित समाचार