बरेली: बेटे की शिकायत सुन भड़का सिपाही, थाने में मां-बेटी को पीटकर भगाया
बरेली, अमृत विचार। बिथरी थाने में तैनात सिपाही का बेटा शाहजहांपुर की युवती को शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। शादी नहीं करने पर सोमवार को युवती मां को लेकर थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करने लगी। भनक लगने पर सिपाही भी थाने पहुंच गया। उसने युवती और उसकी …
बरेली, अमृत विचार। बिथरी थाने में तैनात सिपाही का बेटा शाहजहांपुर की युवती को शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। शादी नहीं करने पर सोमवार को युवती मां को लेकर थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करने लगी। भनक लगने पर सिपाही भी थाने पहुंच गया। उसने युवती और उसकी मां के साथ थाने में मारपीट की और उन्हें शाहजहांपुर भगा दिया। यह घटना पुलिस विभाग में चर्चा का विषय बनी हुई है। घटना थाने में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। एसएसपी ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
बिथरी चैनपुर थाने में तैनात सिपाही एक वर्ष पहले शाहजहांपुर में तैनात था। वहीं पर सिपाही का परिवार रहता था। इसी दौरान सिपाही के बेटे के प्रेम संबंध वहां की एक युवती से हो गए। युवती के अनुसार सिपाही के बेटे ने शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बना लिए। इसी दौरान सिपाही का तबादला शाहजहांपुर से बरेली हो गया।
अब उसकी तैनाती बिथरी थाने में है। सिपाही परिवार को यहां ले आया। इसके बाद भी उसका बेटा युवती से मिलने शाहजहांपुर जाता रहा और शादी का झांसा देता रहा। एक वर्ष गुजरने के बाद भी जब सिपाही के बेटे ने शादी नहीं की तब युवती मां को लेकर थाना बिथरी पहुंच गई। यहां मां बेटी ने पुलिस को सिपाही के बेटे की करतूत बताते हुए शादी कराने या फिर रिपोर्ट दर्ज करने को कहा। तब तक सिपाही भी थाने आ गया। उसने युवती और उसकी मां के साथ मारपीट की और जबरन इनोवा कार में बैठाकर मां-बेटी को भगा दिया।
खाकी पर आई तो ताक पर रखा कानून
मामला सिपाही के बेटे का था, इसलिए पुलिस ने युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। बल्कि कानून को ताक पर रखते हुए मारपीट शुरू कर दी। जबकि ऐसे मामलों में तुरंत रिपोर्ट दर्ज होनी चाहिए थी। लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं किया। जबकि सिपाही और अन्य पुलिस कर्मियों द्वारा की गई मारपीट की घटना थाने में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है।
“मामले की जानकारी हुई है। थाने में यदि किसी के साथ ऐसा हुआ है तो गलत है। थाने का सीसीटीवी चेक कराया जाएगा। साथ ही पीड़िता से बात की जाएगी। दोषी पाए जाने पर सिपाही व उसके बेटे के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।” –रोहित सिंह सजवाण एसएसपी
