संतकबीरनगर: अभी भी बेखौफ घूम रहे हैं मनचले, छेड़छाड़ में स्कूटी से गिरने पर युवती की हुई मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संतकबीरनगर, अमृत विचार। जिले के महुली इलाके में बीते 1 जनवरी को नाथनगर कस्बे से सामान लेकर आ रही युवती मनचलों की छेड़छाड़ के दौरान स्कूटी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीँ उसकी साथी युवती अभी भी गंभीर हाल में अस्पताल में भर्ती है। 

छेड़छाड़ की घटना पर खुद सीम योगी ने कहा था कि प्रदेश के किसी भी चौराहे पर अगर कोई बहिन-बेटियों को छेड़ेगा तो उसे सड़क पर यमराज सबक सिखाएंगे। घटना के दो दिन बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महुली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कर लिया लेकिन उनकी गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो सकी है। 

बताते चलें कि बीते 1 जनवरी को महुली थानाक्षेत्र के ग्राम जसुई देवघटा निवासी 16 वर्षीया शिप्रा गुप्ता और 22 वर्षीया नीतू गुप्ता से इसी थानाक्षेत्र के ग्राम अजांव निवासी अभिषेक यादव पुत्र रामराज यादव और धनघटा थानाक्षेत्र के ग्राम सुकरौली निवासी विवेक चौधरी पुत्र अज्ञात ने छेड़छाड़ की थी। स्कूटी सवार युवतियों ने उनकी हरकतों का विरोध किया तो उन्होंने शिप्रा गुप्ता का हाथ पकड़ कर खींच लिया। जिसके चलते स्कूटी अनियंत्रित हो गई और दोनों युवतियां सड़क पर गिरकर गम्भीर रूप से घायल हो गईं।

परिजनों ने महुली पुलिस को तहरीर देकर  मनचलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस के न सुनने पर परिजनों ने पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता को शिकायती पत्र सौंपा था। पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देश के बाद महुली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कर लिया लेकिन उनकी गिरफ्तारी अभी भी नहीं कर पाई है। जबकि उपचार के दौरान शुक्रवार की सुबह शिप्रा गुप्ता की मौत हो गई। 

ये बोले थाने के प्रभारी निरीक्षक
प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि घायल युवती शिप्रा गुप्ता के मौत की सूचना मिली है। मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गिरफ्तारी न होने से लोगों में है आक्रोश
घटना को लेकर ग्राम जसुई देवघटा के निवासियों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मनचलों को  सबक सिखाने का दावा करते हैं लेकिन उनकी पुलिस मनचलों को संरक्षण देने में जुटी है। उनका कहना था कि अगर पुलिस ने घटना का त्वरित संज्ञान लिया होता तो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होते। 

सिखाएंगे सबक 
पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। घटना बेहद गम्भीर और  निंदनीय है। आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी कि उससे ऐसी मानसिकता वाले अन्य लोगों को भी सबक मिलेगा।

यह भी पढ़ें:-कांग्रेस ने यूपी लोकसभा सीटों के 80 प्रभारियों का किया ऐलान, सुभाष पाल को मिली लखनऊ की कमान, देखें लिस्ट

संबंधित समाचार