सीतापुर : शादी से किया इंकार तो सोशल मीडिया पर शोहदे ने युवती का फोटो किया वायरल
महमूदाबाद/सीतापुर, अमृत विचार। सदरपुर थाना इलाके में एक तरफा प्यार में एक शोहदे ने युवती की फ़ोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। युवती द्वारा शादी से इंकार करने पर शोहदे ने यह कदम उठाया। पीड़िता ने युवक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्यवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर युवक पर गंभीर आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि गांव के ही एक युवक ब्रजेश उसे कई दिनों से परेशान कर रहा है। आरोप है कि युवती की शादी तय हो चुकी है। बावजूद इसके शोहदा युवती से शादी करने का दबाव बना रहा है। आरोप है कि युवक युवती को जबरन मोबाइल देने की कोशिश करता है और जबरदस्ती युवती को बात करने के लिए कहता है। युवती ने जब युवक की इस करतूत का विरोध किया तो शोहदे ने युवती के फ़ोटो सोशल मीडिया पर वायरल दिया।
युवती और उसके पिता का आरोप है कि आरोपी शोहदे ने युवती से शादी के लिए कहा तो युवती के विरोध करने पर युवती और उसके पिता से मारपीट भी की। पीड़ित युवती ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि प्रार्थना पत्र मिला है, आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें -कांग्रेस का बड़ा बयान - अपराध की आग में जल रहा है UP, अपराधियों को मिलता है संरक्षण
