पीलीभीत: यूपी महिला अपराध में नंबर वन, सुरक्षा सुनिश्चित कराए सरकार...डीएम कार्यालय के बाहर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
पीलीभीत, अमृत विचार: कानून व्यवस्था, महिला अपराध को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। आधे घंटे तक नारेबाजी करने के बाद राज्यपाल को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा।
छतरी चौराहा स्थित कार्यालय पर जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा की अगुवाई में बुधवार को कार्यकर्ता जमा हुए। इसके बाद जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। नारेबाजी करते हुए डीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा कि प्रदेश में अपराधी बेखौफ हैं। आए दिन वारदात को अंजाम दिया जा रहा। उत्तर प्रदेश महिला अपराध में पहले नंबर पर है।वाराणसी में नवंबर 2023 में आईआईटी छात्रा के साथ हुई घटना में भाजपा के ही पदाधिकारी रहे।
आरोप लगाया कि सरकार उन्हें शुरुआत से बचाने में लगी रही। यह मांग की गई कि उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए। वाराणसी की घटना को लेकर प्रधानमंत्री देश की बेटियों से मांफी मांगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर दर्ज किए गए मुकदमे को तत्काल वापस लिया जाए।
ज्ञापन देने वालों में हरीश मौर्य, मोहम्मद अजीम, राजेश वर्मा, ईश्वर दयाल पासवान, हेमंत मिश्रा, ज्ञानेंद्र गौतम, वासुदेव ठाकुर, लेखराज राठौर, हरिशंकर कश्यप, नीलम सिंह, सरिता देवी, छाया, मीना, सविता, पुष्पा, रेहाना परवन, आरिफ अंसारी, तौकीर अहमद, मोहम्मद ताहिर, अभिनय गुप्ता गोल्डी, प्रभा देवी आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत : हाईवे के पास गन्ने के खेत में फिर आईं बाघिन, की गई थी रेस्क्यू
