बदायूं: बेटी की शादी के लिए युवक देखकर लौट रहे बुजुर्ग की मौत, परिवार में मचा कोहराम
थाना हजरतपुर क्षेत्र में नगरिया खनू पुल के पास हुआ हादसा
बदायूं, अमृत विचार। बेटी की शादी के लिए युवक को देखकर बाइक से लौट रहे बुजुर्ग को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। उनकी मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
जिला शाहजहांपुर के थाना जैतीपुर क्षेत्र के गांव मावड़ निवासी सुरेश (55) पुत्र राम सिंह यादव अपनी बेटी की शादी के लिए रिश्ता देखने थाना हजरतपुर क्षेत्र के गांव हर्रे नगला गए थे। इस गांव में रहने वाले पूर्व ब्लॉक प्रमुख कालीचरण यादव उनके रिश्तेदार हैं। जहां उन्होंने बेटी की शादी के लिए युवक देखा। शाम को बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
देर शाम नगरिया खनू पुल के पास किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को दातागंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उनके परिजनों को हादसे की सूचना दी। परिजन चीत्कार करते हुए आए। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। परिजन की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें- बदायूं: नगर निकायों में बनेंगे सार्वजनिक शौचालय, डीएम ने दिए निर्देश
