स्वच्छता सर्वेक्षण: भारत सरकार ने घोषित किए परिणाम, बरेली को देश में 80, प्रदेश में 11वीं रैंक
बरेली, अमृत विचार। शहर में स्वच्छता का स्तर पिछले साल की तुलना में बेहतर हुआ है, इसकी भारत सरकार के स्वच्छता सर्वेक्षण से पुष्टि हुई है। इस सर्वेक्षण में बरेली को देश में 80 और प्रदेश में 11वीं रैंक मिली है। दिल्ली में बृहस्पतिवार को परिणामों की घोषणा के साथ हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में हुए सम्मान समारोह में बरेली से मेयर उमेश गौतम और अपर नगर आयुक्त ने भी हिस्सा लिया।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में बरेली नगर निगम की रैंक में पिछले साल की तुलना में सुधार हुआ है। अफसर दावा कर रहे हैं कि नगर निगम ने क्लीन बरेली ग्रीन बरेली की थीम पर काम शुरू किया था जिसे सर्वेक्षण के परिणाम ने सही करार दिया है।
अफसरों के मुताबिक डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन और आवासीय क्षेत्रों में सफाई के मामले में नगर निगम ने 88 फीसदी, सोर्स सेग्रेशन में 88 फीसदी, वेस्ट जेनरेशन और प्रोसेसिंग में शत-प्रतिशत काम कर लिया गया है।
मेयर उमेश गौतम ने बताया कि नगर निगम ने 50 रैंक की छलांग लगाई है। अब टॉप 10 में शामिल होने के लिए काम शुरू कराया है। इस उपलब्धि के लिए अफसरों-कर्मचारियों के साथ शहर की जनता भी बधाई की पात्र है।
नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि रिजल्ट ने बता दिया है कि सही दिशा में काम हो रहा है। जो कमियां रह गई हैं, उन्हें दूर कर लिया जाएगा। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि इस बार नगर निगम की सिटीजन फीडर में टॉप रैंक थी। इस बार प्रदेश में बरेली 10वें और राष्ट्रीय स्तर पर यह 80वें नंबर पर है। पिछली बार 137 रैंक थी।
ये भी पढ़ें: बरेली: गेहूं खरीद की तैयारी जोरों पर, किसानों के लिए पंजीकरण पोर्टल खुला
