बरेली: प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम तिथि कल, 32 हजार से अधिक दाखिले की चुनौती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर (बीए, बीएससी, बीकॉम) की प्रवेश प्रक्रिया का दूसरा चरण बुधवार (30 सितंबर) को पूरा हो जाएगा, जबकि अब भी 32 हजार 500 से अधिक सीटें खाली रह गई हैं। अब एक दिन में इतनी सीटों पर एडमिशन हो पाना फिलहाल बेहद मुश्किल नजर आ …

बरेली,अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर (बीए, बीएससी, बीकॉम) की प्रवेश प्रक्रिया का दूसरा चरण बुधवार (30 सितंबर) को पूरा हो जाएगा, जबकि अब भी 32 हजार 500 से अधिक सीटें खाली रह गई हैं। अब एक दिन में इतनी सीटों पर एडमिशन हो पाना फिलहाल बेहद मुश्किल नजर आ रहा है। वहीं, जिन महाविद्यालयों में सीटें खाली बची हैं, उनमें अधिकांश स्ववित्तपोषित हैं। रुविवि से संबद्ध बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों में संचालित 550 महाविद्यालयों में से करीब 540 महाविद्यालयों में अब तक प्रवेश लेने के लिए करीब 1.69 लाख अभ्यर्थी पंजीकरण करा चुके हैं।

स्नातक स्तर के दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया भी बुधवार को समाप्त हो जाएगी। आंकड़ों पर गौर किया जाए तो अब तक 136538 अभ्यर्थी ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया को पूरा कर चुके हैं, जिसमें 841 अभ्यर्थी ऐसे शामिल हैं, जिन्होंने मंगलवार को प्रवेश प्रक्रिया को पूरा किया। इस लिहाज से अब करीब 32 हजार 500 सीटें अब तक खाली रह गई हैं, जिन्हें भरने के लिए महज एक दिन का वक्त बचा है। प्रवेश प्रक्रिया की गति के हिसाब से इन सीटों का भर पाना फिलहाल मुश्किल नजर आ रहा है।

“1 नवंबर से नया शैक्षिक सत्र शुरू करना है। ऐसे में अब प्रवेश के लिए अधिक समय नहीं बचा है। फिलहाल प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम तिथि बढ़ाने की कोई योजना नहीं है। ऐसे में छात्र-छात्राएं बुधवार तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लें। इसके बाद रुविवि की वेबसाइट बंद कर दी जाएगी।” — डा. अमित कुमार सिंह, मीडिया प्रभारी, रुहेलखंड विश्वविद्यालय

संबंधित समाचार