बरेली में बन रहा था नामचीन कंपनियों का नकली पान मसाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नामचीन कंपनियों का नकली पान मसाला बनाने वाली फर्जी फैक्ट्री का मंगलवार को पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। दबिश के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में पान मसाला, दो मशीनों के अलावा गगन, तानसेन पान मसाला और चार तरह की नकली बीड़ी बनाने के रैपर व तंबाकू बरामद की। पुलिस ने एक …

बरेली, अमृत विचार। नामचीन कंपनियों का नकली पान मसाला बनाने वाली फर्जी फैक्ट्री का मंगलवार को पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। दबिश के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में पान मसाला, दो मशीनों के अलावा गगन, तानसेन पान मसाला और चार तरह की नकली बीड़ी बनाने के रैपर व तंबाकू बरामद की। पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है। एजे सुगंधी प्राइवेट लिमिटेड कानपुर की कंपनी के निदेशक अनिल गुप्ता ने बताया कि उनके पान मसाले की बिक्री लगातार गिर रही है। इसके बाद उन्हें पता चला कि एक मकान में पान मसाले की नकली फैक्ट्री से शहर में बिक्री की जा रही है।

इसके बाद उन्होंने एसएसपी रोहित सिंह सजवाण को प्रार्थना पत्र देकर नकली फर्म का पर्दाफाश कराने की मांग की। एसएसपी के आदेश पर बारादरी इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा ने पुलिस टीम के साथ बेदी इंटरनेशल स्कूल के सामने रूहेलखंड वैष्णोधाम मंदिर के पास एक मकान पर छापा मारा। यहां पुलिस को नकली पान मसाला बनाने की फैक्ट्री चलाने वाला सचिन गुप्ता पकड़ में आ गया। सचिन संजयनगर में गली नंबर 8 में रहता है।

इस मकान से पुलिस को भारी मात्रा में पान मसाला, पैकिंग मशीन, गगन और तानसेन पान मसाला बनाने के रैपर व कई तरह की बीड़ियों के रैपर व तंबाकू बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो पता चला कि चार अन्य जगह गोदाम हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को साथ लेकर गौसाई गोटिया, गंगानगर व संजयनगर से 50 बोरी पान मसाला व भारी मात्रा में तानसेन, गगन पान मसाले के अलावा तोप, 307, 27 और 405 बीड़ी के बंडलों के रैपर बरामद किए। इस मौके पर भाजपा विधायक पप्पू भरतौल व भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष रविन्द्र सिंह राठौर समेत अन्य डिस्ट्रीब्यूटर भी पहुंच गए। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

संबंधित समाचार