बदायूं: ज्यादातर स्कूलों में नहीं हुई प्री बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षा, 12 जनवरी तक होनी थी संपन्न
13 जनवरी से प्री बोर्ड परीक्षा का दौर हो गया शुरू
बदायूं, अमृत विचार। हाई स्कूल इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 22 फरवरी से शुरू हो रही है। उससे पूर्व 25 जनवरी से इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं का दौर चलेगा। लेकिन अधिकांश स्कूलों द्वारा हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की प्री- बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं नहीं हो सकी। परीक्षाओं के नाम पर खानापूर्ति कर दी गई। बिना परीक्षा कराए ही पोर्टल पर नंबर फीड किए जाने लगे हैं। अब 13 जनवरी से प्री-बोर्ड की लिखित परीक्षा शुरू हो गई हैं। जो 22 जनवरी तक चलेगी। इन्हें बोर्ड परीक्षाओं की तरह ही कराया जाना है। लेकिन स्कूलों में बच्चे नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे में शासन के आदेशों का पालन होता नहीं दिख रहा है।
5 जनवरी से 12 जनवरी तक हाई स्कूल इंटरमीडिएट की प्री बोर्ड परीक्षाएं होने थी। लेकिन उनमें खाना पूर्ति कर दी गई। अब 13 प्री बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। जो कि 22 जनवरी तक चलेंगीं। बोर्ड की ओर से जारी निर्देश में यह कहा गया है कि प्री-बोर्ड की परीक्षा ठीक बोर्ड परीक्षा की तरह ही कराई जानी है। अगर इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बरती गई तो इसके लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य को दोषी मानते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्री-बोर्ड परीक्षा के दौरान मंडल और जिला की जांच टीमें निरीक्षण करेंगी। उनके द्वारा प्रत्येक विद्यालय पर जाकर इसकी रिपोर्ट भी निदेशालय को भेजी जानी है। इसके साथ ही कक्षा-नौ और 11 की वार्षिक परीक्षाएं भी संपन्न करा ली जाएगी। इसके भी निर्देश विद्यालयों को भेजे गए हैं। गत वर्ष भी कक्षा 10 और कक्षा 12 की प्री-बोर्ड परीक्षा कराई गई थी। इस परीक्षा के दौरान यह भी शिकायत मिली थी कि कुछ विद्यालयों ने प्री-बोर्ड परीक्षा न कराकर सिर्फ अंक प्रदान कर परीक्षाफल तैयार कर लिए थे।
जानकारी होने पर बोर्ड ने ऐसे प्रधानाचार्यों को भविष्य में ऐसा नहीं करने की चेतावनी दी थी। उस चेतावनी का असर यह हुआ कि स्कूलों द्वारा प्री बोर्ड परीक्षाएं करानी शुरू कर दी हैं। लेकिन प्री बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षा में खाना पूर्ति करने पर डीआईओएस ने स्कूलों से रिपोर्ट मांग ली है।
प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षा 12 जनवरी तक होनी थी। कुछ स्कूलों द्वारा परीक्षाओं के नाम पर खानापूर्ति की है। जिसकी रिपोर्ट विद्यालयों से रिपोर्ट मांगी गई है। जिन विद्यालयों निर्धारित समय में परीक्षा संपन्न नहीं हुई होगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी-डॉ प्रवेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक।
ये भी पढ़ें- बदायूं: आर्मड फोर्सेस वेटरन्स-डे पर डीएम और एसएसपी ने किया वीरांगनाओं का सम्मान
