निजी अस्पताल में बुजुर्ग की मौत पर हंगामा, आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद 50 हजार वसूली का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : मड़ियांव स्थित कृष्णा हॉस्पिटल में इलाज के दौरान रविवार तड़के एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद बेटे ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया। परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी है और सीएमओ को भी पत्र भेजा है।

बीकेटी निवासी आशीष सक्सेना ने बताया कि उन्होंने अपने 83 वर्षीय पिता रमेश चंद्र सक्सेना को शनिवार सुबह करीब 11 बजे सीतापुर रोड स्थित ताड़ीखाना के कृष्णा हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। आरोप है कि मरीज आयुष्मान कार्डधारक होने के बावजूद अस्पताल प्रशासन ने कार्ड लेने से मना कर दिया और जांच व इलाज के नाम पर करीब 50 हजार रुपये वसूल लिए।

आशीष के मुताबिक, उनके पिता खुद बाइक पर बैठकर अस्पताल पहुंचे थे और अस्पताल प्रशासन ने जल्द ही इलाज कर डिस्चार्ज करने का भरोसा दिया था। लेकिन कुछ ही घंटों में उनकी हालत बिगड़ गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में कोई कुशल डॉक्टर मौजूद नहीं था और दबाव बनाने के बाद ही एक विशेषज्ञ को ऑन कॉल बुलाया गया।

वहीं,अस्पताल के निदेशक सुधीर अग्रवाल ने परिजनों के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि मरीज को बेहद गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। उनके पेट में पानी भरा हुआ था और किडनी से संबंधित समस्या भी थी। रविवार तड़के करीब चार बजे इलाज के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा। स्टाफ ने तत्काल सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

ये भी पढ़ें :
ऑनलाइन सुविधा देने में 275 CSC निष्क्रिय: सचिव और पंचायत सहायक को चेतावनी, संचालन न होने पर रुकेगा मानदेय

संबंधित समाचार