संतकबीरनगर : भाजपा किसान मोर्चा के खिचड़ी भोज में उपद्रव, जिला उपाध्यक्ष ने लगाया ये बड़ा आरोप  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

धनघटा/ संतकबीरनगर, अमृत विचार। मकर संक्रांति पर्व पर रविवार को धनघटा स्थित दानीनाथ शिव मंदिर पर भाजपा किसान मोर्चा द्वारा आयोजित खिंचड़ी भोज के दौरान जमकर उपद्रव हुआ। उपद्रवियों को समझाने पहुंचे भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष पी.एन. सिंह को उपद्रवियों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। कुछ नेताओं ने उन्हें उपद्रवियों के चंगुल से छुड़ाया तो उपद्रवी उन्हें जान से मार देने की धमकी देते हुए फरार हो गए। 

मिली जानकारी के अनुसार रविवार को दानीनाथ मंदिर पर भाजपा किसान मोर्चा के तत्वावधान में किसान सम्मेलन और खिचड़ी भोज चल रहा था। आयोजन में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष समेत नगरपंचायत हैंसरबाजार-धनघटा के चेयरमैन प्रतिनिधि और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीलमणि समेत दर्जनों वरिष्ठ नेता मौजूद थे। किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष पीएन सिंह ने बताया कि रविवार को धनघटा स्थित शिव मंदिर प्रांगण में किसान सम्मेलन और सहभोज का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम समापन की ओर था। उसी समय धनघटा गांव निवासी पांच युवक वहां पहुंचे और कार्यक्रम में अव्यवस्था फैलाने लगे। जब उनको अव्यवस्था फैलाने से मना किया तो वे लोग गालियां देते हुए मारने पीटने के लिए दौड़ा लिए। उक्त लोगों ने उन्हें मार-पीट कर घायल कर दिया। मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया। जाते जाते उक्त लोगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दिया। 

इसी दौरान घटना की जानकारी किसी ने पुलिस को दी तो मौके पर तत्काल थाना अध्यक्ष अनिल कुमार पहुंच गए। पुलिस को देखकर उपद्रवी भाग निकले। भाजपा नेता पीएन सिंह ने इस मामले में कार्रवाई के लिए थाने पर तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा कायम किया जा रहा है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। क्षेत्र में अराजकता फैलाने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़ें -कौशाम्बी : गौशाला में ठंड से दो पशुओं की हुई मौत, बचाव का इंतजाम नाकाफी

संबंधित समाचार