बरेली:  ठंड का हो रहा पशुओं पर भी असर, उग्र हो रहे कुत्ते, एआरवी केंद्र पर एक सप्ताह में 1000 लोग आए वैक्सीन लगवाने

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार: भीषण ठंड का इनसानों पर ही नहीं पशुओं पर भी खासा असर पड़ रहा है। इस मौसम में कुत्तों के काटने के केस बढ़ रहे हैं। इसका अंदाजा लगाया जा सकता है कि करीब 10 दिनों से एआरवी लगवाने वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। सप्ताह भर में 1000 से अधिक मरीज 300 बेड अस्पताल स्थित एआरवी केंद्र पर वैक्सीन लगवाने आ चुके हैं। बिल्ली, बंदरों व अन्य जानवरों के काटने की घटनाएं भी बढ़ी हैं।

लगातार बढ़ रहे मरीज: वर्ष 2022 में 29311 लोगों को जानवरों ने काटा था। इनमें कुत्ता काटने के 21473, बंदरों के काटने के 1353, बिल्लियों के काटने के 6087, अन्य जानवरों के काटे 398 लोग एआरवी लगवाने आए।

2023 में मरीजों की संख्या में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो गई। इस साल कुल 108332 मरीज एआरवी लगवाने आए। इनमें 81949 कुत्ता काटने, 5026 बिल्ली के काटने, 19985 बंदर के काटने और 1372 मरीज थे। साल 2024 के 10 दिनों में करीब 1300 लोग एआरवी लगवाने आ चुके हैं।

 

सीबीगंज में सबसे अधिक आंतक

वैसे तो पूरे जिले में कुत्तों- बंदरों का आंतक हैं, लेकिन इस वर्ष सबसे अधिक कुत्ता काटने के मामले सीबीगंज में सामने आए हैं , यहां कई बच्चों की मौत कुत्ते के काटने से हो चुकी है। वहीं कई गंभीर घायल हो चुके हैं। हालांकि वर्ष 2023 में विभागीय रिकॉर्ड में एक भी मरीज की रैबीज से जान नहीं गई है।

एआरवी केंद्र पर वैक्सीन लगवाने वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इन मरीजों में सबसे अधिक कुत्ते और बंदर काटने के मरीज हैं। केंद्र पर वैक्सीन की उपलब्धता ठीक है।- डॉ. वैभव शुक्ला, प्रभारी, एआरवी केंद्र

ये भी पढ़ें - बरेली: बर्ड फ्लू का डर, 15 दिन में देशभर से जांच को आईवीआरआई पहुंचे 275 सैंपल, सीएआरआई के फार्म में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक

संबंधित समाचार