लखनऊ : बीजेपी ने मिशन 2024 की तैयारियां की तेज, संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ने पदाधिकारियों को गांवों में प्रवास करने की दी सलाह
लखनऊ, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी है। जिसकों लेकर आज यानी बुधवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर संगठनात्मक बैठक बुलाई गई। बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने विभागों के प्रदेश संयोजक व सहसंयोजको को मिशन 2024 में जुटने की रूपरेखा बताई।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि संगठन के सभी अभियानों, कार्यक्रमों और गतिविधियों में सामूहिकता के सिद्धान्त पर कार्य करते हुए सभी को मिलकर काम करना है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र के साथ ही संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम व अभियान में सहभागी बनना है। पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारी को पन्ना प्रमुख के रूप में भी काम करना है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि 4 फरवरी से 11 फरवरी के बीच चलने वाले गांव चलो अभियान में प्रदेश से लेकर बूथ तक के प्रत्येक पदाधिकारी गांवो में प्रवासी के रूप में जाएगें और 24 घंटे प्रवास करेगें। चौपालों पर चर्चा, घर-घर सम्पर्क, अलाव के साथ चर्चा जैसे विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सम्पर्क व संवाद स्थापित करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, ऐतिहासिक निर्णयों के साथ सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण का मंत्र लेकर ग्राम दर्शन के लिए पहुंचेगें।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारी व कार्यकर्ता को नमो एप पर 100 विकसित भारत एम्बेसडर बनाने का कार्य करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी के मोर्चा, विभाग तथा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी स्थानीय स्तर पर बूथ सशक्तिकरण के लिए भी कार्य करेंगे और सक्रिय बूथ के लिए अपने क्षेत्रों में मन की बात कार्यक्रम से जुडे़गें, पन्ना प्रमुख के रूप में अपने बूथ पर सक्रिय रहेगें। बूथ के व्हाट्सएप ग्रुप में सक्रिय रहेगे तथा बूथ के 6 संगठनात्मक कार्यक्रमों में सहभागी रहेगें। इसके साथ ही सभी को अपने-अपने बूथ पर प्रारम्भ हुए वॉल राइटिंग अभियान में भी सहयोग करना है।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : राम भक्तों की मौत ने बदल दी जिन्दगी, सेवाभाव की भावना मन में लिए अवधेश नारायण ने त्याग दिया घर
