मुरादाबाद: स्मार्ट सिटी परियोजना का कार्य कर रहे चार मजदूरों को लगा करंट, एक गंभीर
मुख्य अभियंता ने लापरवाही बरतने वाले दौलत बाग विद्युत केंद्र के अवर अभियंता को किया निलंबित
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस क्षेत्र में कैंप चौकी और पुलिस लाइन तिराहे पर स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत बिजली विभाग के सड़क पर लगे पोल हटा रहे मजदूरों को करंट लग गया। जिसमें चार मजदूर करंट लगने से पोल से नीचे आ गिरे। मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारियों ने चारों मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने घायलों की हालत गंभीर देख हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। अमरोहा जिले के हसनपुर निवासी सोनू उर्फ ललित की हालत नाजुक बताई जा रही है। मौके पर पहुंचे बिजली विभाग मुख्य अभियंता ने बताया शटडाउन वापस नहीं किया गया। बिजली सप्लाई चालू नहीं की गई है। मामले की जांच कराई जाएगी। घटना की जानकारी होने पर एडीएम सिटी, एसीएम टू और एसपी सिटी भी जिला अस्पताल पहुंचे और गुस्साए परिजनों को शांत कराया।
बुधवार को बिजली विभाग की स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत रिलायंस इलेक्ट्रिक वर्क्स कंपनी के मजदूर सोनू उर्फ ललित पुत्र अशोक निवासी नगलीय मुंशी, दीपक पुत्र राजेन्द्र निवासी हसनपुर,अपने अन्य साथियों के साथ सिविल लाइंस तिराहे पर दोपहर से सड़क किनारे लगे बिजली के पोल हटा रहे थे। शाम 6:30 बजे बिजली सप्लाई चालू होने से पोल पर चढ़े दोनों लोगों को करंट लगा। करंट से सोनू नीचे आ गिरा और दीपक पोल पर ही लटक रह गया।
नीचे काम कर रहे साथियों ने सोनू को उठाया और बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन कर घटना की जानकारी दी। साथ ही बिजली आपूर्ति बंद कराई। जिसके बाद दीपक को पोल से नीचे उतारा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे विद्युत अधिकारियों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अभी यहां दोनों को उपचार दिया जा रहा था। तभी डा. खरे के चौराहे पर कैंप पुलिस चौकी के पीछे स्मार्ट सिटी परियोजना में काम कर रहे मजदूर जगराम पुत्र परमा निवासी गांव डींगरा मंडी धनौरा और सोनू पुत्र दिनेश नागलीय मुंशी हसनपुर जिला अमरोहा जिस पोल पर काम करे रहे थे उस पर भी अचानक बिजली का करंट दौड़ पडा। करंट लगने से ये दोनों भी नीचे आ गिरे।
मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने प्रोजेक्ट मैनेजर सत्येंद्र पांडे को फोन कर घटना की जानकारी दी। साथियों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने चारों की हालत गंभीर देख हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। जिसमें सोनू की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
जिला अस्पताल पहुंचे घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर मौजूद एडीएम सिटी व एसपी सिटी ने परिजनों को चारों के सही होने की दिलासा देकर हिम्मत बंधाई। जिला अस्पताल पहुंचे मुख्य अभियंता आरके बंसल ने बताया की शटडाउन वापस नहीं हुआ है। सप्लाई भी चालू नहीं की गई थी। उन्होंने बताया शटडाउन और सप्लाई देने के लिए विभाग के जेई की लापरवाही सामने आई है। अवर अभियंता गजपाल को मौके पर सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा मामले की जानकारी की जा रही है।
कार्यदायी संस्था के द्वारा दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक तीन घंटे का शटडाउन लिया था। हालांकि बीच में कुछ समय कार्य रोका गया था। इसलिए कार्य शटडाउन के समय में कार्य पूरा नहीं हो सका। लाइन में करंट आने के मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घायल मजदूरों का इलाज कराया जा रहा है। जो भी उपचार पर खर्च आएगा उसे नियमानुसार दिया जाएगा। घटना विद्युत वितरण खंड द्वितीय के क्षेत्र में हुई है। - आरके बंसल, मुख्य अभियंता
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : मूर्तिकार व उसके परिवार को ब्लैकमेल कर युवती ने मांगे 50 लाख
