पीलीभीत: झांकी यात्रा में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से गिरा पोल, दो महिलाओं की मौत
एक की हालत गंभीर होने पर सीएचसी से किया जिला अस्पताल रेफर
पीलीभीत, अमृत विचार। देवस्थान में रामचरित मानस का पाठ रखने के बाद अधकटा गांव में निकाली जा रही झांकी यात्रा के दौरान हादसा हो गया। ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से गांव में लगा सीमेंटे का पोल गिर गया। जिसमें दबकर झांकी में पुष्प अर्पित करने सड़क पर आई दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रुप से घायल हो गई।
22 जनवरी को अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर में होने वाली रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर गुरुवार सुबह नौ बजे से बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम अधकटा में देवस्थान पर रामचरित मानस पाठ की शुरुआत की गई थी। इसे लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह था। देवस्थान पर रामचरित मानस का पाठ होता रहा। उधर, धूमधाम से झांकी यात्रा दोपहर 12 बजे से निकाली जा रही थी। कई गलियों में घूमते हुए यात्रा देवस्थान की ओर वापसी कर रही थी।
यात्रा में करीब 150 ग्रामीण शामिल थे। ट्रैक्टर ट्रॉली पर झांकियां सजी हुई थी। तमाम ग्रामीण यात्रा का स्वागत करने के लिए जमा हुए थे। इन्हीं में गांव की वसंतो देवी (60) पत्नी स्वर्गीय फकीरेलाल, सोमवती (42) पत्नी नन्हेलाल और तेजरानी (22) पुत्री मेवाराम भी सड़क पर झांकी पर पुष्प अर्पित करने के लिए आई थी। इस बीच मोड़ते वक्त ट्रैक्टर की टक्कर लगने से मार्ग पर लगा सीमेंट का पोल क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। जिसमें तीनों महिलाएं दब गई। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने मशक्कत कर पोल के नीचे दबी तीनों महिलाओं को बाहर निकाला। आनन-फानन में उन्हें सीएचसी बरखेड़ा भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने वसंता देवी और सोमवती को मृत घोषित कर दिया। जबकि तेजरानी को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसकी सूचना मिलने पर सीओ बीसलपुर सतीश चंद्र शुक्ला, इंस्पेक्टर मृदुल कांत शुक्ला पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए। तहसील से भी राजस्व विभाग की टीम आ गई। पुलिस की एक टीम सीएचसी में जानकारी करने में जुटी रही। इसके बाद दोनेां महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: बाघिन को पिंजरे में कैद करने की तैयारी, चार ट्रैप कैमरों से निगरानी... लगाया पिंजरा
