Kanpur: सीएसए में अध्ययन के लिए विदेशी छात्रों की बढ़ी रूचि... PHD कोर्सों में भी बढ़े शोधार्थी
कानपुर के सीएसए में पीएचडी में दाखिला लेने वालों की संख्या बढ़ी है।
कानपुर के चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में लगातार तीसरे वर्ष में पीएचडी में दाखिला लेने वालों की संख्या बढ़ी है। तीन वर्षों में 264 विद्यार्थी पीएचडी शुरू कर चुके हैं।
कानपुर, अमृत विचार। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में लगातार तीसरे वर्ष में पीएचडी में दाखिला लेने वालों की संख्या बढ़ी है। तीन वर्षों में 264 विद्यार्थी पीएचडी शुरू कर चुके हैं। जिसमें से इस वर्ष के 96 विद्यार्थी हैं। इस शैक्षणिक सत्र में प्रवेश में करीब 23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
सीएसए के कुल सचिव डॉक्टर पीके उपाध्याय ने बताया कि विवि में संचालित पीएचडी कृषि, उद्यान एवं गृह विज्ञान पाठ्यक्रमों में तीन वर्षों से काफी छात्र छात्राएं प्रवेश ले रहे हैं। विश्वविद्यालय में दो प्रकार से प्रवेश लिए जा रहे हैं जिसमें पहला राज्य स्तरीय उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा (यूपी कैटेट) है।
दूसरा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) नई दिल्ली द्वारा आयोजित ऑल इंडिया कॉम्पिटेटिव एग्जामिनेशंस के तहत (जूनियर रिसर्च फैलोशिप, सीनियर रिसर्च फैलोशिप डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी) है। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2021-22 में कुल 78, सत्र 2022-23 में 90 और सत्र 2023-24 में 96 छात्र छात्राओं ने विश्वविद्यालय की गुणवत्ता के आधार पर पीएचडी पाठ्यक्रमो में प्रवेश लिया है।
इस शैक्षणिक सत्र में प्रवेश में करीब 23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। कृषि विश्वविद्यालय में न केवल देश के बल्कि नेपाल, श्रीलंका एवं अफगानिस्तान के छात्र छात्राएं भी विभिन्न पाठ्यक्रम में प्रवेश लेकर अध्ययन कर चुके हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर आनंद कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं की विगत वर्षो से बढ़ती हुई संख्या पर खुशी जाहिर की है। बताया कि छात्र छात्राओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के लिए विश्वविद्यालय के अधिकारियों को कहा गया है।
