CTET Exam : केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा कल, गोंडा में 22 स्कूलों को बनाया गया सेंटर
दो पालियों में परीक्षा देंगे 16970 परीक्षार्थी
गोंडा, अमृत विचार। रविवार को होने वाली केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सी टेट) की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। परीक्षा के लिए जिले के 22 स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में कुल 16970 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पात्रता परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। केंद्रों पर परीक्षा की सुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आंतरिक सचल दल का गठन किया गया है। प्रत्येक सेंटर पर दो -दो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की तरफ से आयोजित की जा रही केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा(सी टेट) के लिए फातिमा स्कूल के प्रधानाचार्य अरुण मोरस को जिला समन्वयक बनाया गया है। परीक्षा के आयोजन को लेकर फादर अरुण मोरस ने बताया कि रविवार को आयोजित हो रही सीटेट की परीक्षा के लिए जिले के 22 स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा का आयोजन होगा। प्रथम प्रश्न पत्र में 6770 परीक्षार्थी व द्वितीय प्रश्न पत्र में 10200 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा दूसरी पाली में जबकि द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा पहली पाली में होगी। सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरे से लैस हैं। नकल मुक्त परीक्षा के लिए आंतरिक सचल दल का गठन किया गया है जो अपने अपने परीक्षा केंद्रों पर भ्रमणशील रहकर परीक्षा की निगरानी करेंगे।
2 घंटा पहले पहुंचना होगा परीक्षा केंद्र, आईडी प्रूफ लाना अनिवार्य
परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को परीक्षा समय से दो घंटे पहले पहुंचने के लिए कहा गया है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से 12 बजे तक होगी। इसके लिए परीक्षार्थियों को सुबह 7.30 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षार्थियों को सुबह 7.30 बजे से 9.30 बजे तक प्रवेश दिया जायेगा। परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिल सकेगा। इसी तरह दूसरी पाली की परीक्षा 2 बजे से 4.30 बजे तक होगी। दूसरी पाली की परीक्षा के लिए दोपहर 12 बजे से 2.30 बजे तक प्रवेश मिल सकेगा। परीक्षार्थियों के पास अनिवार्य रूप से प्रवेश पत्र, कोई भी एक आईडी प्रूफ जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड, राशन कार्ड, पासपोर्ट आदि में से एक साथ लाना होगा। परीक्षार्थी को अपने साथ नीली व काली डॉट पेन व पानी की एक पारदर्शी बोतल लाना होगा।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाने पर रहेगा प्रतिबंध
परीक्षा के जिला समन्वयक फादर अरुण मोरस ने बताया कि परीक्षार्थियों को किसी भी तरह का कोई भी इलेक्ट्रॉनिक सामान, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ एयर फोन, हेडफोन, कैलकुलेटर आदि नहीं लाना है। एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड/ डेबिट कार्ड,पर्स आदि भी साथ नहीं होना चाहिए।खाने की कोई सामग्री, पेंसिल बॉक्स व राइटिंग पैड परीक्षा कक्ष में लाना प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षार्थियों को घड़ी व आभूषण पहनने से बचना होगा। प्रवेश पत्र पर दिए गए दिशा उन्होने कहा कि परीक्षार्थी निर्देशों को ध्यान से पढ़ कर ही अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने का प्रयास करें।
इन स्कूलों को बनाया गया परीक्षा केंद्र
नारायणा पब्लिक स्कूल
सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज
एम्स इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज
सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज
गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज
स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज
रवि चिल्ड्रन एकेडमी
श्री रघुकुल विद्यापीठ
फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज जिगर मेमोरियल इंटर कॉलेज
गीता इंटरनेशनल स्कूल, जयनगरा
एम्स इंटर कॉलेज
रोजवुड इंटर कॉलेज
सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला
कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज
सुवंस मिलेनियम पब्लिक स्कूल
सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल
सनबीम स्कूल
फातिमा स्कूल
ये भी पढ़ें -UP News : लखनऊ में लगाई गई धारा 144, कई कार्यक्रमों के चलते लिया गया निर्णय
