गोंडा: चप्पे-चप्पे पर पुलिस, रात भर अयोध्या बार्डर पर हुई कांबिंग, एसपी ने किया निरीक्षण
गोंडा, अमृत विचार। अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पुलिस प्रशासन सजग है । शनिवार देर रात से अयोध्या से जुड़ी सीमा सील कर दी गई है। खुफिया जानकारी ली जा रही है। जनपद के बॉर्डर एरिया को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। डीआईजी, एसपी लगातार नवाबगंज क्षेत्र में जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। जनपद की अधिकांश पुलिस नवाबगंज क्षेत्र में ही तैनात कर दी गई है।
आरएएफ के जवान लगातार खोजी कुत्तों के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील हैं। पुलिस टीम ड्रोन कैमरे से निगरानी कर रही है। नवाबगंज क्षेत्र के सीमा क्षेत्र के गांव पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने खुफिया विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा है। सुरक्षा की दृष्टि से रूट डाइवर्ट भी कर दिया गया है। पूरी तरीके से अयोध्या से लगने वाली सीमा को सील कर दिया गया है।
आयुक्त योगेश्वर राम मिश्रा, डीआईजी अमरेंद्र प्रसाद, जिलाधिकारी नेहा शर्मा, एसपी विनीत कुमार जायसवाल लगातार भ्रमणशील रहते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। सीमावर्ती गांव महेशपुर, दुर्गागंज माझा, कटरा भोग चंद में पुलिस टीम लगातार कांबिंग कर रही है। स्थानीय लोगों से बातचीत कर रही है। सभी लोगों को निर्देश दिया जा रहा है कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति आकर गांव में रुके तो उसके तत्काल सूचना पुलिस प्रशासन को दी जाए।
जमीन से लेकर आसमान तक सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। कई पुलिस टीम ड्रोन के सहारे तटीय क्षेत्रों पर नजर रख रही हैं। वही पुलिस टीम सरयू नदी में भी मोटर बोट से घूम कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकस है। अयोध्या जाने वाले रास्तों पर कई जगह बेरिकेडिंग की गई है। पूरी तरीके से अयोध्या से जुड़ी सीमा को सुरक्षित रखने के लिए सील कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल देर रात्रि गोंडा-अयोध्या बॉर्डर पर स्थित कटरा रेलवे स्टेशन पर पहुँच कर पैदल ,रात्रि गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं की चेकिंग की है।
