कासगंज: स्वयं सेवकों ने की श्रीराम की महाआरती, जलाई अखंड ज्योति
कासगंज, अमृत विचार: स्वयं सेवकों द्वारा रविवार को शहर के गांधी मूर्ति पर महाआरती का आयोजन किया गया। अखंड ज्योति जलाई गई। बड़ी संख्या में उमड़े राभक्तों ने भगवान श्रीराम, सीता, लक्ष्मण के स्वरूपों की आरती उतारी। भगवान श्रीराम की जय-जयकार से वातावरण गुंजायमान हुआ। अखंड ज्योति प्राण प्रतिष्ठा तक जलती रहेगी।
शहर के गांधी मूर्ति पर स्वयं सेवकों द्वारा भव्यता के साथ साज-सज्जा की गई। भगवान श्रीराम के कटआउट और फ्लैक्सों को लेकर विद्युत झालरों और भगवा ध्वज से सजाया गया। चहुंओर रामानामी झंडे लगाकर बाजार को राममय बना दिया।
आरएसएस के विभाग संघ चालक उमाशंकर शर्मा ने हजारों रामभक्तों के साथ मिलकर भगवान श्रीराम के स्वरूप की आरती उतारी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम व्यापक रूप से पूजे जाने वाले हिंदू देवताओं में से एक हैं जो वीरता और सदाचार के अवतार है।
उन्होंने कहा कि भारतवासियों के लिए यह गर्व का विषय है कि भगवान श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का अवसर देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह भारत वासियों के लिए सुखद अनुभूति है। उन्होंने कहा कि तमाम हिंदू विरोधियों ने अस्तित्व मिटाने का प्रयास किया हो, लेकिन हमारे मन में राम बसे हैं और आज उसी का परिणाम है कि श्रीराम लला अयोध्या आ रहे हैं।
उन्होंने लोगों से आज 22 जनवरी को राम ज्योति जलाने का आहवान किया। हिमांशु माहेश्वरी, विनयराज माहेश्वरी, दीप राज माहेश्वरी, अमलेंदु शर्मा, प्रथम शर्मा, मनमोहन पल्तानी, मुकेश शर्मा, पालिकाध्यक्ष मीना माहेश्वरी, पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र बौहरे, बंटी सिसौदिया, प्रदीप कावरा, कृष्ण मुरारी दरगढ़, पंकज माहेश्वरी, संजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में रामभक्त मौजूद रहे।
सशक्त नारी माहेश्वरी महिला संगठन ने की भजन संध्या
सशक्त नारी माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा राम मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भजन संध्या का आयोजन शहर के रेलवे रोड स्थित श्रीमती गंगा देवी माहेश्वरी भवन में हुआ। महिलाओं ने भजनों के माध्यम से भगवान श्रीराम की महिमा का गुणगान किया। बच्चों द्वारा आकर्षक झांकियों का प्रस्तुति दी गई।
राम सीता स्वरूप सजे बच्चों की संगठन की पदाधिकारियों ने आरती उतारी। धार्मिक भजनों पर महिलाएं जमकर थिरकी। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया। प्रतिभा रेंदड़, वंदना धूपड़, लता काकांणी, नूपुर धूपड़, रितु जाजू, प्रीति सोमानी, प्रीति लाहोटी, रिचा दरक, पारूल लाहोटी, नीलम मूदड़ा, रश्मि पल्तानी, बविता माहेश्वरी, शशि माहेश्वरी, नेहा माहेश्वरी मौजूद रही।
यह भी पढ़ें- कासगंज: मंगलमुखियों ने निकाली भगवान श्रीराम की शोभा यात्रा, जमकर लगे जयकारे
