कासगंज: मंगलमुखियों ने निकाली भगवान श्रीराम की शोभा यात्रा, जमकर लगे जयकारे

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

कासगंज, अमृत विचार: भगवान श्रीराम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को जहां समाज का हर वर्ग उत्साहित है तो वहीं मंगलमुखियों ने भी भगवान श्रीराम के लिए अपने उत्साह का रविवार को प्रदर्शन किया। शहर में श्रीराम शोभा यात्रा निकाली। आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया। श्रीराम के भजनों पर जय-जयकार करते हुए मंगलमुखी जमकर झूमे।

शहर के दुर्गा कॉलोनी स्थित चोला मंदिर पर सुबह से ही जिले भर के मंगलमुखियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मंदिर को सजाकर भव्यता प्रदान की गई थी। मंगलमुखी बधाइयां गा रहे थे। मौका था प्राण प्रतिष्ठा के अवसर श्रीराम शोभा यात्रा का। चोला मंदिर से प्रारंभ होकर शोभा यात्रा सरकुलर रोड, बिलराम गेट, बारहद्वारी, सोरों गेट होते हुई शहर के प्रमुख मंदिर माता चामुंडा रानी के दरबार में पहुंची। 

जहां मंगलमुखियों ने पूजा अर्चना की और अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा होने हर्ष जताया। खुशियां मनाई। बधाइयां गायी और मंदिर में घंटा चढ़ाया। शोभा यात्रा का जगह जगह राम भक्तों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

भगवानश्रीकृष्ण, श्रीराम-सीता आदि के स्वरूपों में सजे किन्नर शोभा में आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। भोली किन्नर से बताया कि आज 22 जनवरी को चोला मंदिर पर सुबह 10 बजे से हवन और भंडारा भी होगा। शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में मंगलमुखी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- कासगंज: कोहरे के मौसम में बढ़ रहे हादसे, वाहन चलाते समय बरतें सतर्कता 

संबंधित समाचार