कासगंज: रामलला प्राण प्रतिष्ठा...भगवान श्रीराम से लिया आशीष, सोरों के लिए मांगा श्रीवराह कॉरीडोर
सोरों श्रीवराह पीठाधीश्वर ने कहा कि अब वह दिन दूर नहीं जब भारत हिंदू राष्ट्र बनेगा
कासगंज, अमृत विचार। अयोध्या में भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में सोरों के पीठाधीश्वर साक्षी बने। वहां उन्होंने आनंद के इस पल को अमृत विचार के साथ साझा किया है। फोन पर बताया कि एक अनूठे पल के साक्षी बनने का मौका मिला। वहां से हमने बहुत कुछ सीखा है। भगवान श्रीराम से हमने सोरों में भगवान श्री वराह कॉरिडोर बनाने के लिए आशीर्वाद मांगा है। श्रीराम की कृपा से वराह कॉरिडोर जल्द बन सकेगा और यहां भी भव्य आयोजन होगा। स्पष्ट किया है कि मोदी सरकार की मंशा हिंदू राष्ट्र बनाने की है
स्वामी अशुतोषानंद महाराज सोमवार को अयोध्या में राम लला मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने वहां सोरोंजी शूकर क्षेत्र की तरफ से प्रतिनिधित्व किया। वैसे तो कार्यक्रम के आयोजन में 121 अचार्यों के टीम में अनुष्ठान के लिए सोरों के ही योगेंद्र मिश्रा को भी बुलाया गया था, लेकिन कार्यक्रम में सहभागिता के लिए इकलौते संत अशुतोषानन्द महाराज बुलाए गए।
उन्होंने बताया कि अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा हो गई है। हमने वहां सबसे पहले मन ही मन प्रभु के दर्शन करने के बाद सोरों में भगवान कॉरिडोर बनाने के लिए आशीर्वाद मांगा है और विश्व कल्याण की कामना के लिए प्रभु से प्रार्थना की है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सनातन धर्म को नया जीवन दे रहे हैं। भारत में इससे बड़ा कोई आयोजन नहीं हुआ जो अयोध्या में हुआ है। आजादी के बाद भी इतना उत्साह नहीं था जो अब देखने को मिल रहा है। हर गली हर घर मोहल्ले तक भगवान राम की जयकार सुनाई दे रही है।
पीठाधीश्वर ने बताया कि अब वह दिन दूर नहीं जब भारत हिंदू राष्ट्र घोषित हो जाएगा। पूरे भारतवासियों को भी जाग गई है कि जल्द भारत हिंदू राष्ट्र बनेगा। उन्होंने कहा कि उनका सुझाव है कि हर साल 22 जनवरी को सनातन दिवस के रूप में मनाया जाए। इसके अलावा सबसे बड़ी उपलब्धि है कि राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद से ही धर्म परिवर्तन करने वाले लोगों की कमर टूट गई है। धर्म परिवर्तन का पूरी तरह विरोध रहेगा और घर वापसी का पूरी तरह स्वागत रहेगा।
ये भी पढे़ं- कासगंज: गांव अशोकपुर में अज्ञात युवक का शव मिलने से फैली सनसनी
