आगरा में माहौल बिगाड़ने की कोशिश, पुलिस ने 1500 लोगों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आगरा। अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर आगरा शहर में माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। असामाजिक तत्वों ने ताजगंज क्षेत्र में एक धर्मस्थल पर चढ़कर झंडा फहरा दिया और नारेबाजी करने लगे हालांकि कुछ लोगों ने धार्मिक सदभावना का परिचय देते हुए विवाद आगे नहीं बढ़ने दिया।

घटना का वीडियो वायरल हुआ और मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची। पुलिस ने 1500 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना ताजगंज प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि घटना सोमवार शाम की है। क्षेत्र में एक शोभायात्रा निकल रही थी। कुछ युवक एक धर्मस्थल पर चढ़ गए और भगवा झंडा लहराने लगे।

पुलिस उपायुक्त सिटी सूरज राय ने बताया कि जहीरउद्दीन नामक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में कहा गया है कि ताजगंज क्षेत्र के धर्मस्थल पर 1000-1500 युवक आए। उनके हाथों में डंडे और झंडे लगे हुए थे। वे धर्मस्थल में जबरन चढ़ गए। इसके बाद नारेबाजी करने लगे। उन्होंने माहौल खराब करने की कोशिश की। लोगों ने सद्भावना का परिचय दिया। चुपचाप इन लोगों के हुड़दंग को देखते रहे। अगर, लोग विरोध करते तो अशांति फैल सकती थी।

इस मामले में पुलिस ने बलवा सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज किया। एक वीडियो भी सामने आया, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। वीडियो में दो से तीन युवक खड़े होकर झंडा लहराते हुए नजर आ रहे हैं। सड़क पर बड़ी संख्या में युवकों की भीड़ नजर आ रही है। बाद में वीडियो को इंस्टाग्राम से डिलीट कर दिया गया। जिस युवक ने वीडियो इंस्टाग्राम पर डाला था। उसकी भी पहचान की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-भाजपा ने खत्‍म किया राम मंदिर का मुद्दा, बोले अंसारी- अब भागवत की 'कलह खत्म करने' की बात पर हो अमल

संबंधित समाचार