नवमतदाता सम्मलेन को पीएम मोदी ने किया सम्बोधित, UP में 806 केंद्र पर हुआ आयोजन
लखनऊ, अमृत विचार। देश में पहली बार वोटर बने युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए भारतीय जनता पार्टी की तरफ से नवमतदाता सम्मलेन का आयोजन गुरुवार को किया गया। इस सम्मलेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुली सम्बोधित किया। पीएम मोदी ने कहा आप सब नए मतदाताओं के सपने मेरा संकल्प हैं और ये मोदी की गारंटी है।
प्रधानमंत्री ने युवा मतदाताओं से कहा अतीत में भ्रष्टाचार और घोटाले हेडलाइन बनते थे लेकिन अब बात विश्वसनीयता और सफलता की कहानियों की होती है। प्रधानमंत्री ने युवा मतदाताओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा 10-12 वर्ष पहले जो परिस्थितियां थीं उन्होंने देश के युवाओं का भविष्य अंधकारमय कर दिया था। उन्होंने कहा स्थायी सरकार बड़े निर्णय लेती है, हमारी सरकार ने दशकों से लंबित पड़े मुद्दों को हल किया। प्रधानमंत्री मोदी ने युवा मतदाताओं से कहा कि वे अपने वोट के जरिए देश की दिशा और दशा तय करेंगे।
पार्टी की तरफ से बताया गया है कि यूपी में 806 केंद्र पर नवमतदाता सम्मलेन का आयोजन किया गया। पार्टी की तरफ से इसको लेकर प्रभारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। साथ ही युवा मोर्चा के सदस्य भी इस आयोजन से जुड़े रहे। अपने सम्बोधन में पीएम मोदी ने कहा कि सभी युवा माई भारत पोर्टल से भी जुड़ें। उन्होंने कहा कि अभी तक एक करोड़ से ज्यादा युवा इस पोर्टल से जुड़ चुके हैं और देश कि तरक्की के लिए काम कर रहे हैं। बताते चलें कि आगामी लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा नए मतदाताओं को पार्टी के पक्ष में करने के लिए कई कार्यक्रम देश भर में चला रही है। नव मतदाता सम्मलेन को भी इसी श्रेणी में रखा गया है।
ये भी पढ़ें -राहुल गांधी ने जताया विश्वास, देशभर में व्याप्त अन्याय के खिलाफ लड़ेगा ‘इंडिया’ गठबंधन
