Kanpur Crime: बंदर को गोली से उड़ाया था, अब पुलिस ने आरोपी को दिखाया हवालात का रास्ता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में बंदर की हत्या करने वाला सिक्योरिटी गार्ड गिरफ्तार।

कानपुर में बंदर की हत्या करने वाले सिक्योरिटी गार्ड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एयरगन का छर्रा मिला था।

कानपुर, अमृत विचार। किदवई नगर वाई ब्लॉक में एयरगन चला कर बंदर की हत्या करने के मामले में पुलिस ने नामजद सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड पर शांतिभंग की धारा में कार्रवाई कर चालान किया और थाने से छोड़ दिया।

पोस्टमार्टम में बंदर के शरीर से एयरगन का छर्रा मिला है। सिक्योरिटी गार्ड को छोड़ने पर सनातनी मठ-मंदिर समन्वय समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस ने छह दिन बाद रिपोर्ट दर्ज की। अब मुख्य आरोपी को थाने से छोड़ भी दिया।

नौबस्ता थानाक्षेत्र में 16 जनवरी को मोहल्ले में उछल कूद करने वाले बंदर की सुरेंद्र सिंह चौहान ने एयरगन से हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को अपने घर के सामने स्थित बरगद के पेड़ के पास दफना दिया था।

विरोध करने पर अंजनी मिश्रा को सुरेंद्र चौहान, उसके बेटे सोनी चौहान व सिक्योरिटी गार्ड अखंड प्रताप सिंह ने घर में घुस कर पीटा था। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड अंखड प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर शांतिभंग की धारा में चालान किया।

एसीपी नौबस्ता आशुतोष कुमार ने बताया कि बंदर की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में एयरगन से मौत की पुष्टि हुई। 

पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

सनातनी मठ मंदिर समन्वय समिति के पदाधिकारी गोपाल दीक्षित ने बताया कि आरोपी को बचाने के लिए एक सत्ताधारी एमएलसी पैरवी कर रहे हैं।

आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद एमएलसी उनके घर से लेकर पुलिस अफसरों के पास तक गए। दबाव के कारण नौबस्ता पुलिस ने सुरेंद्र सिंह और उसके बेटे सोनी चौहान को गिरफ्तार नहीं किया है।

संबंधित समाचार