Banda: राज्यमंत्री कारागार धर्मवीर प्रजापति ने मंडल कारागार में बांटे कंबल व इनर, बोले- कैदी संकल्प लें, जेल से छूटकर दोबारा नहीं करेंगे गलती
राज्यमंत्री कारागार धर्मवीर प्रजापति ने बांदा मंडल कारागार में कंबल व इनर बांटे।
राज्यमंत्री कारागार धर्मवीर प्रजापति ने बांदा मंडल कारागार में कंबल व इनर बांटे। उन्होंने कहा कि कैदी संकल्प लें, जेल से छूटकर दोबारा गलती नहीं करेंगे।
बांदा, अमृत विचार। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कारागार एवं होमगार्ड विभाग धर्मवीर प्रजापति ने शनिवार को मण्डल कारागार में निरुद्ध ऐसे कैदियों को सर्दी से बचाव के लिए कम्बल व इनर का वितरण किया, जिनके परिजन उनसे मिलने नहीं आते। इसके साथ ही उन्होंने सभी बंदियों को हनुमान चालीसा व सुन्दरकाण्ड की पुस्तक का वितरण कर उनसे सीधा संवाद किया।
राज्यमंत्री ने कहा कि सभी संकल्प लें, कि जेल से छूटने के बाद दोबारा कोई भी गलत कार्य नहीं करेंगे। अपनी सोच में बदलाव लाकर अपने गांव और पड़ोस के लिए अच्छा कार्य करेंगे। सभी धर्म के रास्ते पर चलकर अच्छा मार्ग अपनायेंगे और अन्य लोगों को भी अच्छे रास्ते पर चलने को प्रेरित करेंगें।

राज्यमंत्री ने इस अवसर पर बताया कि उत्तर प्रदेश की जेलों में 40 वर्ष से तक के नवजवान कैदी सबसे अधिक निरुद्ध हैं। कहा कि नौजवान देश का भविष्य होते हैं। यदि किसी कारण कोई नौजवान देश का भविष्य न बन पाये तो वह अपने घर का भविष्य तो होता ही है। जेल में निरुद्ध कैदी अपने माता-पिता, परिवार, पत्नी एवं बच्चों को छोड़कर जेल में बंद है।
इसलिए वे संकल्प लें कि अब दोबारा उनसे कोई भी ऐसा गलत काम नही होगा, जिसके कारण उनको जेल काटनी पडे, क्योंकि जेल जाने से पूरा परिवार अस्त-व्यस्त हो जाता है। बच्चों की पढाई-लिखाई, बहन-भाइयों की शादी-विवाह में व्यवधान उत्पन्न होते हैं। ऐसे लोगों के प्रति देखने का नजरिया भी बदल जाता है। समाज ऐसे लोगों को स्वीकार नहीं करता।
इसलिए आप जेल से छूटने के बाद अच्छा कार्य करें ताकि समाज में एक अच्छा संदेश जाये। कहा कि जेल में रहकर जो भी पैसा कमा रहे हैं, अपने परिजनों को देकर उनका सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि आपस में बैठकर एक-दूसरे के केस से सम्बन्धित चर्चा न करें, बल्कि हनुमान चालीसा एवं सुन्दरकाण्ड का पाठ कर सही रास्ता अपनायें तथा अच्छा इन्सान बनकर जेल से निकलें।

जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि सभी निरूद्ध कैदी सच्चे रास्ते पर चलकर अपना एवं अपने परिवार के लोगों का जीवन सार्थक बनायें। संकल्प लें कि अब उनसे भविष्य में किसी भी प्रकार की गलती नही होगी और वह हमेशा सही रास्ते पर चलकर अपने परिवार के लोगों को खुशहाल बनायेंगे।
कार्यक्रम के बाद राज्यमंत्री ने बताया कि सर्दियों में प्रतिवर्ष कम्बल व इनर कैदियों को वितरण किये जाते हैं, उसी क्रम में मण्डल कारागार में कम्बल एवं इनर का वितरण किया गया है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट विजय शंकर तिवारी, जेलर योगेश कुमार तथा वरिष्ठ अधीक्षक जेल डॉ.वीरेश्वर राय शर्मा उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: अधेड़ की टेनरी में मौत... परिजनों ने शव रखकर मुआवजे की मांग को लेकर किया हंगामा, जांच में जुटी पुलिस
