लखनऊ: ससुरालवालों ने घर से निकाला तो महिला ने सब इंस्पेक्टर पर लगाया यह बड़ा आरोप, रिपोर्ट दर्ज
लखनऊ, अमृत विचार। ससुरालवालों ने प्रताड़ित कर महिला को घर से निकाल दिया। लिखित शिकायत के बाद भी गोमतीनगर और हजरतगंज महिला थाने के सब इंस्पेक्टर कार्रवाई का आश्वासन देकर दो माह गुमराह करते रहे। जेसीपी के निर्देश पर कृष्णानगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध, आकाश कुलहरि को कृष्णानगर इलाके के आशुतोष नगर निवासी सुमन श्रीवास्तव ने प्रार्थना पत्र दिया। बताया उन्होंने बेटी नेहा का विवाह दो वर्ष पहले विराट खंड निवासी विजित ज्ञान से किया था। 13 नवंबर 2023 को पति समेत अन्य ने नेहा को जमकर पीटा।
सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस समझौता करा कर चली गयी। अगले दिन ससुरालवालों ने घर से निकाल दिया। 14 नवंबर को बेटी ने गोमतीनगर थाने में ससुरालवालों के खिलाफ शिकायती पत्र दिया। सब इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने कार्रवाई की बात कह चलता कर दिया।
दोबारा सब इंस्पेक्टर से संपर्क किया तो मामला जिला विधिक प्राधिकरण भेजने की बात कह फिर टरका दिया। दो माह बाद भी न प्राधिकरण से बुलावा आया न ही थाने से। 6 जनवरी 2024 को हजरतगंज महिला थाने के सब इंस्पेक्टर संजय पाठक ने काल कर बताया कि 19 दिसंबर को मामले की नोटिस मिली थी।
आपका नंबर नेटवर्क में नहीं था, 8 जनवरी को मेडिटेशन के लिये आना है। जब वह पहुंची तो सुनवाई किये बिना प्राधिकरण की स्लिप थमाकर चलता कर दिया। पीड़िता की मां ने दो माह से थाना पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुये, उन्हें चक्कर लगवाने का आरोप लगाया है।
जेसीपी के निर्देश पर कृष्णानगर कोतवाली में आरोपी सास निर्मला श्रीवास्तव और ननद प्रतिमा ज्ञान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गयी है। इंस्पेक्टर जीतेंद्र प्रताप सिंह ने बताया मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: मैं ये शादी नहीं कर सकता.., दहेज में नहीं मिली स्कार्पियो तो शादी से मुकरा दूल्हा
