रामपुर: अयोध्या में राम मंदिर देखकर दिल हुआ गदगद मन को मिली शांति
अयोध्या में राम लला के दर्शन कर लौटे रामपुरवासी, 27 जनवरी को संगठन के पदाधिकारी हुए थे रवाना
रामपुर, अमृत विचार। अयोध्या में राममंदिर के दर्शन कर रामभक्तों का दिल गदगद हो गया और मन को शांति मिली। बहु प्रतिक्षित भगवान राम के मंदिर को देखने की लालसा लिए राम भक्त 27 जनवरी को अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। सभी रामभक्त भगवान श्रीराम के दर्शन कर रविवार की रात को रामपुर लौट आए हैं। बताते हैं कि अयोध्या में दर्शनार्थियों का रैला है और लोगों के लिए भगवान राम का मंदिर सुबह 6 बजे खुल जाता है और रात को 11 बजे कपाट बंद हो जाते हैं।
अयोध्या में अभी दिवाली का माहौल है। जगह-जगह भंडारे हो रहे हैं जहां, दूध, जलेबी, हलवा, डोसा, पूरी छोले, टिक्की, चाऊमिन समेत चाय के भंडारे हो रहे हैं। दर्शानार्थियों के लिए खाने-पीने के लिए सुविधाओं की कोई कमी नहीं है। दर्शन करने गए अशोक विश्नोई ने बताया कि अयोध्या पहुंचकर दिल खुश हो गया है वहां जगह-जगह भंडारे लगे हुए हैं। लोगों में गजब का जोश है। करीब 500 वर्ष के बाद अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामलला को विराजमान किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूजा अर्चना कराई थी।
दर्शानार्थियों ने बताया कि आज भी सारे शहर को दुल्हन की तरह सजाया हुआ है। हर ओर जय श्रीराम के नारे गूंज रहे हैं भारी संख्या रामभक्त दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं। शनिवार दोपहर को शहर से करीब 70 राम भक्त बस के माध्यम से अयोध्या के लिए रवाना हो गए थे। जहां रात करीब 9:30 बजे सभी भक्तों ने रामलला के दर्शन किए। उसके बाद रविवार को सभी भक्त बस से रामपुर वापसी के लिए रवाना हो गए।
दर्शन करने जाने वालों में राजकुमार, योगेंद्र, उपेंद्र, पुनीत कुमार, नरेंद्र,डा.वरूण, सुभाष,योगेश बंसल,धर्मवीर यादव, सुमित गोयल,हेंमत जोशी, राजेश,जितेंद्र प्रधान,अशोक विश्नोई, अजीत कुमार, पुनीत कुमार अग्निवेश विद्यार्थी, महेंद्र पांडेय, हरीश गंगवार, प्रेम शंकर पांडेय, जगपाल यादव, महेश मौर्या, योगेंद्र चौहान, गोविंद पांडेय, राजेश कुमार, रविंद्र सिंह, रवि, सतनाम सिंह, सुमित कुमार, प्रदीप कुमार, योगेश बंसल, अतुल कपूर, भूपेंद्र सिंह, अंकुर,अर्जुन,नीरज, राजेश कुमार समेत 70 रामभक्त शामिल रहे।
एक जनवरी को अयोध्या चले गए थे कुछ रामभक्त
अयोध्या में भगवान श्रीराम का विराजमान करने को लेकर पिछले काफी माह से तैयारियां चल रही थीं। जिसमें प्रदेश भर से हिन्दू संगठन के पदाधिकारी सेवा में लग गए थे।राम भक्तों ने वहां से पूजित अक्षत लाकर लोगों में बांटे थे। जबकि शहर निवासी हिन्दू नेता धनंजय पाठक एक जनवरी को अयोध्या चले गए थे। वह वहां पर दर्शन करने वाले लोगों की सेवा कर रहे हैं। इसके अलावा अन्य कई पदाधिकारी भी वहां पर गए हुए हैं।
ये भी पढे़ें:- रामपुर: घने कोहरे के चलते लंबी दूरी की ट्रेन गुवाहाटी-लालगढ़ रद्द
