बरेली: बेंत की सप्लाई के बहाने ठगे 10 लाख रुपये, रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। बेंत की सप्लाई के बहाने एक कारोबारी से 10 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। जब आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो जान से मारने की धमकी दी। आईजी के निर्देश पर बारादरी थाना पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बारादरी के गुलजार नगर, सतीपुर निवासी शाकिर अहमद ने बताया कि साबरी मस्जिद हजियापुर निवासी सगीर से उनकी जान पहचान थी। सगीर ने बताया कि बुखारपुरा निवासी इकरार अहमद का बेंत का बड़ा कारोबार है। इकरार और सगीर के कहने पर उन्होंने प्रशांत शुक्ला, बदरू मंसूरी, महंत, मनोज कुमार, तबरेज आलम, जितेन्द्र गुप्ता, जुर्वेद आलम, बुद्धिराम चौधरी के मोबाइल नंबरों और रामनिवासी और नजीबुल्ला के पंजाब नेशनल बैंक खातों में 10 लाख रुपये भेज दिए। काफी इंतजार के बाद भी जब सप्लाई नहीं मिली तो उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की।
जानकारी जुटाने पर पता चला कि इकरार अहमद का न तो बेंत का कोई कारखाना है और न ही उनका कोई कारोबार है। इन लोगों का गिरोह कई लोगों से ठगी कर चुका है। फोन पर बात करने की कोशिश की तो इकरार ने अपनी पत्नी से बात कराई। जब रुपये मांगने इकरार अहमद के घर गए तो गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। उन्होंने आईजी से शिकायत की।
आईजी के निर्देश पर बारादरी पुलिस ने इकरार अहमद, सगीर, प्रशांत शुक्ला, बदरू मंसूरी, महंत, मनोज कुमार, तबरेज आलम, जितेन्द्र गुप्ता, जुर्वेद आलम, बुद्धिराम चौधरी, रामनिवासी और नजीबुल्ला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढे़ं- बरेली: जिंदा जलकर खत्म हुई पांच जिंदगिया छोड़ गई कई सवाल, परिजन मान रहे हत्या, पुलिस हादसा
