बरेली: मनमानी पर अंकुश लगाएगी पंचायती राज विभाग में ऑनलाइन हाजिरी
अनुपम सिंह, बरेली, अमृत विचार। पंचायती राज विभाग के कर्मचारियों की मनमानी पर अंकुश लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। एक मार्च से करीब साढ़े चार हजार कर्मचारियों को ग्राम पंचायतों में पहुंचकर ऑनलाइन हाजिरी लगानी होगी। सभी कर्मचारियों का डाटा पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। अधिकांश का डाटा ऑनलाइन हो चुका है।
दरअसल, पंचायती राज विभाग से जुड़े पंचायत सहायक, केयर टेकर, सफाई कर्मी अभी तक मैनअुल हाजिरी लगा रहे हैं। अधिकतर कर्मचारी ग्राम पंचायतों में लंबे समय तक नहीं जाते हैं। जुगाड़ के जरिए नौकरी चलाते हैं। सफाई कर्मियों के नियमित गांवों में नहीं जाने से नालियां गंदगी से बजबजाती रहती हैं। पंचायत सहायक और केयर टेकरों की मनमानी से भी कई तरह के कार्य प्रभावित होते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
इसके लिए एक मार्च से सभी की हाजिरी की व्यवस्था को ऑनलाइन किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों की मनमानी पर अंकुश लगेगा। शासन के निर्देश पर पंचायती राज विभाग ने पंचायत सहायक, केयर टेकर और सफाई कर्मियों का डाटा पोर्टल पर अपलोड करना शुरू कर दिया है। निदेशक ने भी इस कार्य को जल्द पूरा करने के आदेश डीपीआरओ को दिए हैं।
ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था से कर्मचारियों में खलबली
हाजिरी की व्यवस्था ऑनलाइन होने की सूचना मिलने के बाद से कर्मचारियों में खलबली है, क्योंकि वे नहीं चाहते हैं कि हाजिरी ऑनलाइन लगे। हाजिरी ऑनलाइन होने से उन्हें समय का पाबंद होना पड़ेगा। हाजिरी लगाने के लिए ग्राम पंचायतों में पहुंचना होगा।
ऐसे लगेगी ऑनलाइन हाजिरी
सभी कर्मचारियों का उनके नाम से नंबर एलॉट हैं और किसकी किस ग्राम पंचायत में तैनाती है। यह जानकारी अब पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड की जा रही है। तैनाती वाली ग्राम पंचायत में पहुंचकर एप के माध्यम से हाजिरी लगेगी। तकनीकी व्यवस्था के अनुसार दूसरी जगह से हाजिरी लग पाना संभव नहीं होगा।
पंचायत सहायक, केयर टेकर और सफाई कर्मियों का डाटा पोर्टल पर अपलोड करने का काम चल रहा है। एक मार्च से इन सभी की हाजिरी ऑनलाइन लगेगी। संभवत: सुबह-शाम दोनों समय हाजिरी लगाने के लिए पंचायतों में जाने की व्यवस्था बन रही है।-धर्मेंद्र कुमार, डीपीआरओ
कर्मचारियों की स्थिति
जिले में करीब 2000 सफाई कर्मचारी हैं। 1188 केयर टेकर हैं। इतनी ही संख्या पंचायत सहायकों की है। अफसरों के अनुसार 170 कर्मचारियों का डाटा अपलोड होना बाकी है।
ये भी पढ़ें- बरेली: घर के दरवाजे पर बैठे बुजुर्ग को सांड ने पटक-पटककर उतारा मौत के घाट, एक महीने में चार मौतें
