बरेली: मौलाना तौकीर रजा ने की 'जेल भरो आंदोलन' की अपील, बोले- पहली गिरफ्तारी मैं दूंगा
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थित ज्ञानवापी के व्यास तहखाने में मूर्तियों की कोर्ट के आदेश पर पूजा शुरू होने के बाद देश में नई बहस छिड़ गई है। वहीं इसको लेकर लोगों की अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं हैं।
इस बीच बरेली में रविवार को अपने आवास पर इत्तेहाद ए मिल्लत काउंसिल के प्रमुख मौलाना तौकीर रज़ा खान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें उन्होंने देश में माहौल के खिलाफ आगामी शुक्रवार को अपनी पहली गिरफ्तारी देकर जेल भरो आंदोलन का आह्वान किया है। साथ ही शहर के इस्लामिया ग्राउंड में एक घंटे तक रुकने के बाद शाम चार बजे पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी साथियों समेत गिरफ्तारी देने की बात कही है।

'मुल्क में न्याय के मंदिरों में अन्याय होता है'
आईएमसी प्रमुख ने कहा कि ज्ञानवापी पर जिस तरह की बेईमानी की जा रही है, उससे इसलिए परेशानी नहीं हो रही है कि हमारी मस्जिद को हथियाने का प्रयास किया जा रहा है। बल्कि इसलिए ज्यादा बेचैन हूं कि हमारे देश का कानून पूरी दुनिया में बदनाम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि मुल्क में न्याय के मंदिरों में अन्याय होता है, जब ऐसा होने लगे तो जिम्मेदार और अच्छे लोग न्याय के पक्ष में उनका साथ दें। वहीं जब तक यह बेईमानी चलती रहेगी, तब तक मुसलमान इस देश में आजाद रहने के लिए तैयार नहीं है। मौलाना तौकीर रज़ा खान ने आगे कहा कि तब हमने देश को आजाद कराया था। अब हमें अपने देश को नफरतों, पक्षपात और बेईमानियों से आजाद कराने के लिए खुद को गिरफ्तार कराना होगा।
'दंगा कराना चाहते हैं VHP और बजरंग दल'
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रज़ा खान ने आरोप लगाते हुए कहा कि आज मुल्क में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की वजह से जो डर का माहौल बना हुआ है, उसके खिलाफ मुसलमानों ने कोई एक्शन नहीं लिया है। क्योंकि मुसलमानों के एक्शन से दंगा-फसाद होने का डर है। लेकिन हमारे देश-प्रेम को बुजदिली समझा गया। इसलिए मजबूरन गिरफ्तारी देकर जेल भरो आंदोलन का फैसला लेना पड़ा है।
.jpeg)
ऐसी आशंका है कि वीएचपी और बजरंग दल किसी भी हालत में देश में दंगा करवाना चाहते हैं। जिन्हें सरकार का पूरा समर्थन है। जिसके चलते देश में रोजाना किसी न किसी मदरसे, मजार या मस्जिद पर बुलडोजर की कार्रवाई की जा रही है।
'2014 से पहले बम फोड़ने वाले आज सत्ता चला रहे'
मौलाना तौकीर रज़ा खान ने कहा कि साल 2014 से पहले जिस तरह बम फटा करते थे और आरोप लगाए जाते थे कि मुसलमानों ने बम मारा है। वह बम साल 2014 के बाद गायब हो गया। साथ ही यह साबित हुआ कि वही लोग बम मार रहे थे, जो आज सत्ता में मौजूद हैं और सत्ता चला रहे हैं। देश में ऐसी तमाम मस्जिदें है जिन पर रातों-रात बुलडोजर चलाकर नस्तनाबूत कर दिया गया। लेकिन उनकी मीडिया में कोई चर्चा नहीं हुई। क्योंकि उन्हें गिरवाने वाले लोग नहीं चाहते थे। वहीं अब ज्ञानवापी पर चर्चा हो रही है।
मुसलमानों से जेल भरो आंदोलन में हिस्सा लेने की अपील
आईएमसी प्रमुख तौकीर रज़ा खान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐलान करते हुए कहा कि आगामी शुक्रवार को बरेली से गिरफ्तारियां देकर जेल भरो आंदोलन का फैसला किया गया है। जिसके तहत पूरे देश में गिरफ्तारियां दी जाएंगी। शुक्रवार को मौलाना ने पहली अपनी गिरफ्तारी देने का आह्वान किया है। मौलाना ने देश के सभी मुसलमानों से जेल भरो आंदोलन में हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वह शुक्रवार को दोपहर तीन से शाम चार बजे तक इस्लामियां मैदान में रहेंगे। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर खुद की गिरफ्तारी देंगे।
ये भी पढे़ं- World Cancer Day: सादा पान मसाला, छाली खाने से भी हो सकता है कैंसर
