बाराबंकी: आयोग की वेबसाइट पर हो रही 22 हजार कार्मिकों की फीडिंग, चुनाव में लगेंगे 14744 कर्मी
रिजर्व में रहेंगे 40 फीसदी चुनाव कर्मी, चुनावी तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन
बाराबंकी। लोकसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में निरंतर लगा हुआ है। इस बार भी चुनाव कराने वाले कर्मचारियों की फीडि़ग निर्वाचन आयोग के साइड पर की जा रही है। इनमें से जहां 14 हजार 744 कार्मिकों को निर्वाचन कार्य में लगाया जाएगा। वहीं 40 फीसदी कार्मिकों काे रिजर्व के रुप में रखा जाएगा। अधिकारियों व कर्मचारियों की फीडिंग का काम कलेक्ट्रेट के एनआईसी में जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी में तेजी से चल रहा है।
मार्च में संभावित लोकसभा चुनाव की आचार संहिता से पहले जिला प्रशासन चुनाव में लगने वाले कर्मचारियों की फीडि़ग का काम पूरा करने में लगा है ताकि अन्य निर्वाचन कार्यों को अमली जामा पहनाया जा सके। जिले के सभी विभागों के 22 हजार कर्मचारियों की फीडि़ग निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर नेशनल इंफॉरमेंशन सेंटर में की जा रही है। वहीं करीब पौने दो सौ अधिकारियों की भी फीडि़ग हो रही है।
शुरुआत में फीडि़ग कार्य में देरी होने पर तत्कालीन सीडीओ एकता सिंह ने जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार भी लगाई थी। इसके बाद कार्य में तेजी आई थी। फीड़िंग के बाद कार्मिकों के डाटा में से 14 हजार 744 चुनाव कर्मिकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। वहीं 40 फीसदी कार्मिकों को रिजर्व के रुप में रखा जाएगा ताकि चुनाव के दौरान किसी कार्मिक की तबीयत खराब होने के साथ अन्य कोई बाधा आने पर रिजर्व में से ड्यूटी लगाई जा सके।
मतदाता सूची और बूथ तैयार
बीते 23 जनवरी को लोकसभा चुनाव की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन भी हो चुका है। इस बार 23 लाख 11 हजार 652 मतदाता अपने पसंदीदा सांसद का चुनाव करेंगे। इनमें 12 लाख 20 हजार 803 पुरुष, 10 लाख 90 हजार 787 महिला तो 62 थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं। वहीं बूथों की बात करें तो इस बार 2615 बूथ मनाएं गए हैं। ऐसे में प्रत्येक बूथ पर एक-एक पीठासीन अधिकारी समेत तीन मतदान कर्मिकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इनमें एक महिला कर्मी भी शामिल रहेगी। वहीं पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी बूथवार लगाने की तैयारी तेजी से चल रही है।
बाॅक्स-
प्रशिक्षण को लेकर तैयारियों पर मंथन
कार्मिकों को चुनाव का प्रशिक्षण देने के लिए इसकी तैयारियों पर मंथन शुरु हो गया है। दो चरणों व तीन शिफ्टों में प्रशिक्षण कराने की तैयारी है। मौखिक के साथ आयोग द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाली वीडियो क्लिप के माध्यम से भी डिजिटल रुप से कार्मिकों को प्रशिक्षित करने पर विचार चल रहा है। प्रशिक्षण को लेकर जल्द ही तैयारी पूरी करने की बात कही जा रही है। प्रशिक्षण जीआईसी ऑडीटोरियम में कराने की बात कही गई है।
वर्जन-
लोकसभा चुनाव को लेकर सभी तैयारियों पर ध्यान केंद्रित कर दिया गया है। मतदाता सूची व बूथ तैयार हो चुकी है। कार्मिकों का डाटा भी फीड किया गया है। आयोग से जैसे निर्देश मिलते रहेंगे वैसे-वैसे कार्य किए जाएंगे।
सुनील पांडेय, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी।
यह भी पढ़ें: माघ मेला: चाय और चिलम के सहारे धुनी जमा रहे "चाय वाले बाबा", बने आकर्षण का केंद्र
