बरेली के तीन युवकों के शव दिल्ली में बंद कमरे में मिले, परिजनों ने चौराहे पर लगाया जाम
बरेली, अमृत विचार। दिल्ली के डाबरा इलाके में बीते शनिवार को बरेली के तीन युवकों के शव बंद कमरे में मिले थे। जिसकी सूचना मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया और वह दिल्ली पहुंच गए। जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शवों को बरेली लाया गया।
वहीं आज शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे परिजन आक्रोशित हो गए और किला चौराहा पर जाम लगाकर दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह परिजनों को शांत कराया। जिसके बाद सिटी श्मशान भूमि में तीनों शवों का अंतिम संस्कार किया गया।
बता दें, बरेली के किला छावनी निवासी दो सगे भाई अमित, सोनू और उनका पड़ोसी यादराम उर्फ बब्बन कुछ महीने से दिल्ली में डाबड़ी थाना क्षेत्र के सीतापुरी इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। तीनों वहां रेहड़ी पर छोले भटूरे बेचने का काम कर रहे थे।
वहीं बीते शनिवार को बंद कमरे में तीनों के शव संदिग्ध हालात में मिले। इस दौरान बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर रहे इनके परिचित अरुण ने कमरे से खून निकलता देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी। जब मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो तीनों के शव पड़े हुए थे। साथ ही पुलिस को गैस सिलेंडर और खाने का कुछ सामान मिला था। हालांकि पुलिस ने हत्या या फिर दम घुटने से मौत की बात नकार दी।
साथ ही पोस्टमॉर्टम कराकर तीनों शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया। वहीं आज किला छावनी से तीनों मृतकों के परिजन शवों को लेकर अंतिम संस्कार के लिए लेकर निकले। इस दौरान उन्होंने किला चौराहा पर दिल्ली पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए रोड जाम कर दिया।
साथ ही परिजन तीनों युवकों की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग करने लगे। इस बीच जाम लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह आक्रोशित परिजनों को शांत कराया। जिसके बाद तीनों शवों को सिटी श्मशान भूमि ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया।
ये भी पढ़ें- बरेली: ... तो क्या तौकीर रजा खां ने फिर छोड़ा मजहब की कमान से सियासत का तीर
