UP: गंगा एक्सप्रेस वे शुरू होने से होगा शाहजहांपुर को मिलेगा चौतरफा लाभ 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

शाहजहांपुर/जलालाबाद। जिले में गंगा एक्सप्रेसवे के साथ हवाई पट्टी और इंडस्ट्रियल क्लस्टर की सुविधा मिलने से विकास को नई दिशा मिलने जा रही है। इससे जिले की पहचान मजबूत होने के साथ रोजगार के अवसरों में भारी बढ़ोतरी होगी। एक्सप्रेसवे के शुरू होने के साथ परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आएगी, जिससे स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

हरदोई में पीएम के उद्घाटन के साथ गंगा एक्सप्रेसवे का संचालन शुरू होगा। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इसके साथ बने मल्टी पर्पज हेलीपैड पर सेना के लड़ाकू विमान उतारे जा सकेंगे। इसकी रणनीतिक और उपयोगिता दोनों बढ़ जाएगी। 102 हेक्टेयर में विकसित हो रहे इंडस्ट्रियल क्लस्टर से सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है और उद्योगों के आने से आर्थिक गतिविधियां भी तेज होंगी। इस परियोजना से जिले में इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा और निवेश के नए अवसर खुलेंगे। बेहतर कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास के कारण व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

जिले में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे जलालाबाद क्षेत्र के गुलड़िया गांव में करीब 102 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक गलियारा विकसित किया जा रहा है। यूपीडा की इस परियोजना को दिल्ली की एक कंपनी विकसित कर रही है, जो मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में काम करेगा। इससे क्षेत्र में रोजगार के बड़े अवसर पैदा होने के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

यह औद्योगिक क्षेत्र जलालाबाद के पास उबेरिया गांव के निकट स्थित है और सीधे 6-लेन गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ा हुआ है। पहले चरण में 102 हेक्टेयर भूमि पर विकास कार्य किया जा रहा है, जबकि आगे इसके विस्तार की भी योजना है। यहां उद्योगों के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा जैसे सड़कें, नालियां और बिजली की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे उद्योग स्थापित करना आसान होगा।

परियोजना का उद्देश्य टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स और अन्य उद्योगों को बढ़ावा देना है, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन हो। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच माल ढुलाई और परिवहन आसान होगा, जिससे उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा।

यूपीडा अब दूसरे चरण के तहत तिलहर, सदर और जलालाबाद तहसीलों में अतिरिक्त भूमि की तलाश कर रहा है। इसके साथ ही एक्सप्रेसवे पर पीरू गांव के पास करीब 5 किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी और एक रेस्ट एरिया भी विकसित किया गया है, जिससे क्षेत्र की उपयोगिता और बढ़ गई है। यह परियोजना निवेशकों को आकर्षित कर रही है और जिले को औद्योगिक नक्शे पर नई पहचान देने की दिशा में अहम कदम साबित हो रही है।

हवाई पट्टी से वायु सेना को मिलेगी नई ताकत
गंगा एक्सप्रेसवे न केवल आम लोगों के सफर को आसान बनाएगा, बल्कि भारतीय वायु सेना की ताकत भी बढ़ाएगा। शाहजहांपुर के जलालाबाद क्षेत्र में करीब 3.5 किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी बनाई गई है, जो आपात स्थिति या युद्ध के समय लड़ाकू विमानों के उतरने और उड़ान भरने के काम आएगी। इस एयरस्ट्रिप को रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से इस हवाई पट्टी पर 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। एक्सप्रेसवे के चालू होने के बाद न केवल परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि इससे जुड़े जिलों में औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी और लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

पीएम कार्यक्रम को लेकर डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा

डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित कर 29 अप्रैल को हरदोई के मल्लावां में प्रस्तावित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित होकर कार्यक्रम में शामिल होने वाले लाभार्थियों की संख्या और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विवेक कुमार मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक अवधेशराम और जिला विकास अधिकारी ऋषि पाल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार