आईपीएल 2026 : सूर्यांश शेडगे का अर्धशतक, पंजाब ने गुजरात को दिया 164 रनों का लक्ष्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अहमदाबाद। सूर्यांश शेडगे (57) और मार्कस स्टॉयनिस (40) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर पंजाब किंग्स ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 46वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ नौ विकेट पर 163 रनों का स्कोर बनाया। आज यहां गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स को गुजरात के गेंदबाजी कहर का सामना करना पड़ा और उसने 47 रन के स्कोर तक अपने पांच विकेट गंवा दिये। प्रियांश आर्य (दो) और कूपर कॉनली (शून्य) को मोहम्मद सिराज ने आउट किया। प्रभसिमरन सिंह (15) को कगिसो रबाड़ा ने अपना शिकार बनाया।

नेहाल बढेरा (शून्य) और कप्तान श्रेयस अय्यर (19) को जेसन होल्डर ने आउट किया। ऐसे संकट के समय सूर्यांश शेडगे और मार्कस स्टॉयनिस की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी हुई। 16वें ओवर में रबाड़ा ने सूर्यांश शेडगे को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया।

शेडगे ने 29 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 57 रनों की पारी खेली। 18वें ओवर में जेसन होल्डर ने मार्कस स्टॉयनिस आउट किया। स्टॉयनिस ने 31 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए 40 रन बनाये। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर होल्डर ने जेवियर बार्टलेट (शून्य) को आउट कर पवेलियन भेज दिया।

20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर राशिद खान ने मार्को यानसन 11 गेंदों में (20) रन को आउट किया। पंजाब किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 163 रनों का स्कोर खड़ा किया। गुजरात टाइटंस के लिए जेसन होल्डर ने चार विकेट लिये। मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा को दो-दो विकेट मिले। राशिद खान एक बल्लेबाज को आउट किया।

संबंधित समाचार