अमेठी : खेत में लगे कटीले तार में उतरा करेंट, युवती की मौत
अमेठी, अमृत विचार। संग्रामपुर थाना क्षेत्र के टीकरमाफी चौकी अंतर्गत पलये मजरे सोनारीकला गांव में खेत में लगे झटका मशीन के विद्युत करंट की चपेट में आने से एक युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं पोती को बचाने में बुजुर्ग दंपत्ति गम्भीर रूप से झुलस गए। जिनका गम्भीर हालत में सुल्तानपुर जिला अस्पताल इलाज चल रहा है।
मंगलवार की देर शाम पलये मजरे सोनारीकला निवासी कोमल कोरी (18) अपने बाबा जयराम (75) और दादी पार्वती (70) के साथ चारा काटने गई थी। चारा काटकर वापस आते समय कोमल गांव के एक व्यक्ति के खेत में लगाए गए झटका मशीन के विद्युत तार की चपेट में आ गई। पोती को करंट की चपेट में आता देख बचाने दौड़े बाबा जयराम और दादी पार्वती भी विद्युत करंट की चपेट में आकर झुलस गए। आनन फानन में ग्रामीणों ने तीनों घायलों को भादर सीएचसी ले गए। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने कोमल को मृत घोषित कर दिया। जबकि दोनों बुजुर्ग दंपत्ति का इलाज चल रहा है। डॉक्टर के मुताबिक दंपत्ति की स्थिति खतरे से बाहर है। एसडीएम ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली है।
संग्रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीराम ने बताया कि पलये मजरे सोनारीकला में खेत में लगे तार में करंट की चपेट में आने से एक युवती की मौत हुई है और बुजुर्ग दंपत्ति के झुलसने का मामला संज्ञान में आया है। सुल्तानपुर जिला अस्पताल में मृतक युवती के परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, घटना की परिजनों द्वारा अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर प्राप्त होने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें -बाराबंकी : 11 एकड़ में बनेगा महादेवा कॉरिडोर, राजस्व अभिलेखों का खाका तैयार
