शाहजहांपुर: दिनदहाड़े हत्या के मामले में दो सगे भाइयों समेत पांच को उम्रकैद, जानिए पूरा मामला
शाहजहांपुर, अमृत विचार: वर्ष 2017 में दिन दहाड़े 18 वर्षीय युवक की हुई हत्या के मामले में दोष सिद्ध होने पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश दशम पंकज कुमार श्रीवास्तव की कोर्ट दो सगे भाइयों और पिता-पुत्र समेत पांच लोगों को आजीवन कारावास की सजा और एक लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। जुर्माने की राशि को प्रतिकर के रूप में मृतक के विधिक वारिसान को नियमानुसार प्रदत्त किए जाने के आदेश न्यायाधीश ने दिए हैं।
अभियोजन पक्ष के अनुसार थाना जलालाबाद के मोहल्ला कनूनगोयान निवासी रूबी गुप्ता ने जलालाबाद थाना प्रभारी को तहरीर देकर बताया कि छह जनवरी 2017 को सुबह 10 बजे मुझे व मेरी मां सरोजनी गुप्ता, भाई सचिन गुप्ता, विकास गुप्ता को मोहल्ले के ही अन्जु उर्फ अनुज गुप्ता ने अपने भाई रम्पत गुप्ता व आशीष राठौर, तारिक के साथ मिलकर काफी मारा पीटा। जिससे हम लोगों के काफी चोटे आई हैं।
रूबी ने बताया कि यह झगड़ा अन्जु गुप्ता जान-बूझकर करा रहा है और जान से मारने की धमकी देकर सभी भाग गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली। इस घटना के बाद सात जनवरी 2017 को विकास गुप्ता छोटी सब्जी मंडी में स्थित दुकान पर सुबह 10:30 बजे बैठा था, उसी समय महेश राठौर, राहुल राठौर, अन्जु उर्फ अनुज गुप्ता, रम्पत गुप्ता, आशीष राठौर व एक बाल अपचारी ने मिलकर विकास गुप्ता पर चाकू और ईट-पत्थरों से हमला कर दिया।
इस हमले में विकास गुप्ता की मौत हो गई। इस घटना की रिपोर्ट विकास के भाई सचिन की तहरीर पर दर्ज की गई। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना के उपरांत आरोप पत्र न्यायालय भेज दिए गए। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश दशम पंकज कुमार श्रीवास्तव की कोर्ट में मुकदमे की सुनवाई के दौरान पेश किए गए गवाहों और शासकीय अधिवक्ता श्रीपाल वर्मा के तर्को को सुनने और पत्रावली का अवलोकन करने के बाद आरोप सिद्ध होने पर न्यायाधीश पंकज कुमार श्रीवास्तव ने अन्जु उर्फ अनुज गुप्ता, रम्पत गुप्ता, आशीष राठौर, राहुल राठौर, महेश राठौर को आजीवन कारावास की सजा और एक लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
न्यायाधीश ने आदेशित किया कि अभियुक्तगण पर अधिरोपित कुल जुर्माना एक लाख रुपये प्रतिकर के रूप में मृतक विकास गुप्ता के विधिक वारिसान को नियमानुसार प्रदत्त किए जाए। सजा पाने वालों में अनुज गुप्ता और रम्पत गुप्ता सगे भाई हैं और महेश राठौर और पुत्र आशीष शामिल है।
यह भी पढ़ें- Shahjahanpur News: जिंदा को मृत दिखाकर रोकी पेंशन, पीड़ित ने डीएम से लगाई गुहार
