SI Recruitment Exam में टेलीग्राम से ठगी करने वाला गिरफ्तार, STF ने मुजफ्फरपुर से दबोचा
लखनऊ, अमृत विचार: उप्र. पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा में टेलीग्राम से ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा एसटीएफ ने शनिवार को किया। इस गिरोह के एक आरोपी को बिहार के मुजफ्फरपुर के बालूघाट इलाके से गिरफ्तार किया है। वह डेढ़ माह से फरार चल रहा था।
एसटीएफ के डिप्टी एसपी सुधांशु शेखर के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अमन कुमार बिहार के मुजफ्फरपुर सिकंदरपुर स्थित बालूघाट जंगली माई स्थान का रहने वाला है। 14-15 मार्च को आयोजित यूपी पुलिस एसआई लिखित परीक्षा से पहले फर्जी प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के नाम पर टेलीग्राम चैनल के माध्यम से ठगी करने की जानकारी मिली। इस मामले में 13 मार्च को हुसैनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मामले की जांच शुरू की गई तो अमन कुमार का नाम सामने आया। आरोपी को शुक्रवार देर शाम को गिरफ्तार किया। उसके पास से मोबाइल बरामद किया गया है। जिसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया है।
पूछताछ में अमन कुमार ने बताया कि वह अपने साथी सूर्यांश के साथ मिलकर ‘यूपी एसआई एक्जाम पेपर’ नाम से टेलीग्राम चैनल चलाता था। दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं से पहले फर्जी प्रश्नपत्र देने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से पैसे ठगते थे। ठगी की रकम अमन के बैंक खाते में मंगाई जाती थी। एसटीएफ के अधिकारियों के मुताबिक, गिरोह ने अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के नाम पर भी कई लोगों को निशाना बनाया है। गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
