देवा नगर पंचायत अध्यक्ष ने उठाई मांग, कहा-महादेवा के साथ देवा शरीफ में भी बने कॉरिडोर
भाजपा में शामिल हुए देवा नगर पंचायत अध्यक्ष से खास बातचीत
सतीश श्रीवास्तव/बाराबंकी, अमृत विचार। सरकार (हाजी वारिस अली शाह) ने जो 'रब है वही राम' का संदेश दुनिया को दिया था। उसी राम की अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर्यटन विकास के लिए प्रयत्नशील है मुझे पूरी उम्मीद है कि महादेवा के साथ-साथ देवा शरीफ में भी कॉरिडोर बनाकर इसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का सपना वे साकार करेंगे।
भाजपा में शामिल होने के बाद देव नगर पंचायत अध्यक्ष हारून वारसी ने अमृत विचार से खास बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि वह पहले से चाहते थे कि देवा में भारतीय जनता पार्टी का ही अध्यक्ष बने। चुनाव में ऐसा नहीं हो सका। इसलिए अब भाजपा में शामिल हो चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी के साथ रहकर ही देवा नगर पंचायत का सर्वांगीण विकास हो सकता है। इसके लिए वह सबसे पहले नगर पंचायत क्षेत्र के विस्तार का प्रस्ताव पारित कर शासन को भेज चुके हैं। उनका प्रयास है कि देवास और देवा शरीफ का अच्छे से विकास हो। देवा शरीफ संपूर्ण विश्व में पर्यटन केंद्र के रूप में जाना जाता है। यहां आवश्यक सुविधाओं की कमी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उन्हें पूरी उम्मीद है कि वह इसका पूरा विकास करेंगे।
देवा नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि वे इसलिए भाजपा में शामिल हुए क्योंकि भाजपा सबका साथ सबका विकास कर रही है। मुस्लिम समुदाय के भी गरीबों को बिना किसी भेदभाव के राशन मिल रहा है। उनके क्षेत्र में विकास कार्य हो रहे हैं। मुसलमान भी अब भाजपा को पसंद करने लगा है। लोकसभा चुनाव नजदीक है वह पूरी ताकत से प्रयास करेंगे कि यहां का मुसलमान बीजेपी को ही वोट दे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि देव नगर पंचायत का कार्यालय काफी पुराना है। कार्यालय के पुनर्निर्माण की जरूरत है। देवा में काफी संख्या में पर्यटक आते हैं जिनके लिए मूलभूत सुविधाएं मुहैया करना अब आवश्यक हो गया है। इस मामले में उन्हें सरकार से काफी उम्मीदें हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सरकार जिस तरह विकास के रास्ते पर चल रही है उसे देवा कस्बे का भी जरूर विकास होगा। सड़क चौड़ी होंगी। इसके लिए वह यहां के लोगों को भाजपा के साथ जोड़ने के लिए पूरे दमखम के साथ कार्य करेंगे।
ये भी पढ़ें -सुलतानपुरः रामायण सर्किट में शामिल हुआ बिजेथुआ महावीरन धाम, महाबलि हनुमान ने यहीं पर किया था कालनेमि का वध!
