बरेली: अगले महीने सेवानिवृत्ति, पदोन्नति का ख्वाब पूरा होना मुश्किल
जिले में तीन हजार शिक्षकों को पदोन्नति का इंतजार
बरेली, अमृत विचार। प्राथमिक विद्यालयों में तैनात करीब तीन हजार शिक्षक पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं। इनमें से कुछ शिक्षक अगले महीने सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। ऐसे शिक्षकों का कहना है कि वर्तमान स्थिति को देखकर ऐसा नहीं लगता है कि उनकी पदोन्नति हो पाएगी।
दरसअल, जनवरी में सहायक अध्यापिकों की पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू हुई थी, मगर एन वक्त पर इस पर रोक लगा दी गई। विभागीय सूत्रों के अनुसार शिक्षक पदोन्नति का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। सहायक अध्यापक राजेश कुमारी यादव का कहना है कि करीब आठ साल से शिक्षकों की पदोन्नति नहीं हुई है। सहायक अध्यापक आशा गंगवार ने बताया कि शिक्षक पदोन्नति की जो सूची बनी थी, उसमें मेरा नाम था। 31 मार्च को मैं सेवानिवृत हो रही हूं।
सहायक अध्यापक अनिल कुमार ने बताया कि पदोन्नति की उम्मीद में एडीओ के पद से वापस सहायक अध्यापक के पद पर ज्वाइन किया था, लेकिन अभी तक पदोन्नति नहीं हो सकी है। यूपी प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री संजय सिंह ने बताया कि अंतिम चरण में पदाेन्नति का प्रकरण उच्च न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है। यदि मामला शासन स्तर पर अटका होता तो इस संबंध में अफसरों से बात की जाती।
ये भी पढ़ें- बरेली: पांच साल अवैध परामर्श केंद्र चलवाती रही पुलिस, अब सीओ ने कराया बंद
